प्रयागराज। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में बीएउ एवं बीएड विशिष्ट शिक्षा प्रवेश काउंसलिंग 12 से 14 अक्तूबर तक विश्वविद्यालय के सरस्वती परिसर में आयोजित की जाएगी। खास यह कि कोरोना पॉजिटिव अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के लिए विश्वविद्यालय नहीं आना होगा। उनकी वर्चुअल उपस्थित मान्य होगी। ऐसे अभ्यर्थियों को ऑनलाइन माध्यम से अपनी उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज करानी होगी।
पहले बीएड और बीएड विशिष्ट शिक्षा के लिए काउंसलिंग अलग-अलग कराई जाती थी, लेकिन इस बार एक साथ काउंसलिंग होगी। इसलिए सरस्वती परिसर में काउंसलिंग के लिए दो केंद्र खोले जाएंगे। बीए की 500 सीटों और बीएड विशिष्ट शिक्षा की 400 से अधिक सीटें हैं। इसमें प्रदेश भर से अभ्यर्थी शामिल होंगे। बीएड एवं बीएड विशिष्ट शिक्षा प्रवेश काउंसलिंग 2020-21 के समन्वयक प्रो. पीपी दुबे ने बताया कि काउंसलिंग के लिए बुलाए गए जो अभ्यर्थी कोरोना पॉजिटिव हैं, उन्हें विश्वविद्यालय को समय से पूर्व जानकारी देनी होगी और कोरोना पॉजिटिव होने की रिपोर्ट ईमेल के माध्यम से विश्वविद्यालय को प्रेषित करनी होगी।
समन्वयक के मुताबिक मुक्त विवि के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने अभ्यर्थियों की मेरिट प्रभावित होने से रोकने के लिए कोरोना पॉजिटिव अभ्यर्थियों को वर्चुअल मोड में काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर प्रदान किया है। कोरोना पॉजिटिव अभ्यर्थियों को काउंसलिंग आवेदन पत्र की स्कैन कॉपी और उसमें वांछित समस्त अभिलेखों एवं आरक्षण संबंधी प्रमाणपत्रों आदि की स्कैन कॉपी ईमेल mail.uprtou.ac.in पर अनिवार्य रूप से भेजनी होगी। काउंसलिंग के दिन निर्धारित समयावधि में वर्चुअल मोड में कोरोना संक्रमित अभ्यर्थी की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। अभ्यर्थी को सब कुछ ठीक होने की स्थिति में प्रोविजनल प्रवेश दिया जाएगा, लेकिन जांच के बाद कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आने एवं स्थिति सामान्य होने पर अभ्यर्थी को सभी मूल अभिलेखों के सत्यापन के लिए विश्वविद्यालय के शिक्षा विद्या शाखा के प्रभारी निदेशक के समक्ष उपस्थित होकर सत्यापन कराना होगा।
उन्होंने बताया कि अध्ययन केंद्र आवंटित होने के तुरंत बाद प्रवेश शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा और अध्ययन केंद्र पर आयोजित इंडक्शन कार्यक्रम में प्रवेशार्थी की उपस्थिति अनिवार्य होगी। मीडिया प्रभारी डॉ. प्रभात चंद्र मिश्र के अनुसार आगामी 12 से 14 अक्टूबर तक होने वाली बीएड काउंसलिंग के मद्देनजर सरस्वती परिसर में काउंसलिंग स्थल के समीप सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है। परिसर में प्रवेश से पूर्व सभी अभ्यर्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग होगी। काउंसलिंग के लिए विभिन्न पटलों पर अनुभवी एवं योग्य शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सहयोग लिया जाएगा। कुलपति ने शुक्रवार काउंसलिंग की तैयारियों का जायजा भी लिया।