प्रयागराज जंक्शन पर पसरा सन्नाटा।
- फोटो : अमर उजाला।
प्रयागराज जंक्शन पर माघ मेले के मुख्य स्नान पर्वों के एक दिन पहले से लेकर दो दिन बाद तक श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की सुरक्षा एवं सुगमता से प्रवेश/निकासी के लिए एकल दिशा मूवमेंट प्लान लागू रहेगा। टिकट की व्यवस्था यात्री आश्रयों में अनारक्षित टिकट काउंटर, एटीवीएम और मोबाइल टिकटिंग के रूप में रहेगी। बृहस्पतिवार को मकर संक्रांति पर्व के मद्देनजर यह व्यवस्था 14 जनवरी से लागू होगी।
जंक्शन पर केवल लीडर रोड से प्रवेश दिया जाएगा और सिविल लाइंस की ओर से निकासी की जाएगी। अनारक्षित यात्रियों को दिशावार यात्री आश्रय के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा। सूबेदारगंज स्टेशन पर केवल झलवा रोड से प्रवेश (कौशाम्बी रोड) दिया जाएगा और जीटी रोड की ओर से निकासी की जाएगी।
छिवकी जंक्शन पर केवल सीओडी रोड से प्रवेश दिया जाएगा और जीईसी रोड की ओर से निकासी की जाएगी। नैनी जंक्शन पर केवल स्टेशन रोड (प्लेटफॉर्म-एक) की ओर से प्रवेश दिया जाएगा और द्वितीय प्रवेश द्वार (प्लेटफॉर्म-चार) की ओर से निकासी की जाएगी।
स्नान पर्व ----------- स्नान की तिथि ----------- प्रतिबंध अवधि
मकर संक्रांति ----------- 15 जनवरी ----------- 14 से 20 जनवरी तक
मौनी अमावस्या ----------- 18 जनवरी ----------- 14 से 20 जनवरी तक
वसंत पंचमी ----------- 23 जनवरी ----------- 22 से 25 जनवरी तक
माघी पूर्णिमा ----------- एक फरवरी ----------- 31 जनवरी से तीन फरवरी तक
महाशिवरात्रि ----------- 15 फरवरी ----------- 14 से 17 फरवरी तक