अतीक अहमद के करीबी राशिद भुट्टो के खिलाफ पुलिस जल्द ही कार्रवाई करेगी। न सिर्फ उसका शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराया जाएगा, बल्कि उसका चार पहिया वाहन भी कुर्क किया जाएगा। इस संबंध में उच्चाधिकारियों के माध्यम से रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी गई है।
बेली गांव निवासी राशिद भुट्टो अतीक अहमद का करीबी है। हाल ही में पुलिस ने बेली कछार स्थित उसके आलीशान लॉज को जेसीबी चलवाकर ढहवाया था। आरोप है कि उसने दबंगई के बल पर राजकीय आस्थान की जमीन पर अवैध कब्जा कर लॉज बनवाया। यही नहीं उसका मकान भी तोड़ा गया था। अब पुलिस उसके खिलाफ अन्य कार्रवाई करने की भी तैयारी में है। जिसके तहत उसका शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराने की तैयारी है।
भुट्टो के पास लाइसेंसी रिवॉल्वर है। इसके साथ ही उसका चारपहिया वाहन भी गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कुर्क किए जाने की भी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से इस संबंध में एसएसपी के माध्यम से रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी गई है।
डीएम की अनुमति मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि इस मामले में अभी कोई कुछ खुलकर बोलने को तैयार नहीं है। एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह से पूछा गया तो उन्होंने यही कहा कि माफिया व उनके सहयोगियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।