वंदे मातरम का एक लाख लोग करेंगे सामूहिक गायन
प्रयागराज। आजादी के अमृत महोत्सव आयोजन के तहत तिरंगा यात्रा और तीन लाख दीये जलाने के बाद राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की ओर से रविवार 19 दिसंबर को एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। संघ के अमृत आयोजन समिति के तहत आयोजित कार्यक्रम में रविवार दोपहर एक लाख लोग एक साथ वंदे मातरम का गायन करेंगे। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सह सरकार्यवाह रामदत्त चक्रधर का संबोधन भी होगा।
संघ के प्रांत प्रचार प्रमुख डा. एमजे त्रिपाठी के अनुसार केपी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित यह कार्यक्रम दिन में 2.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक चलेगा। इस दौरान प्रयागराज के सभी 40 नगरों से लोग हाथों में तिरंगा थामे भारत माता की जय एवं वंदे मातरम का उद्घोष करते हुए केपी कॉलेज ग्राउंड पहुंचेंगे। कार्यक्रम को लेकर शहर की सभी 1600 बस्तियों में कार्यकर्ताओं को लगा दिया गया है। हाथों में हैंडबिल, वाहनों में स्टीकर लगाने का भी काम शुरू किया गया है। मोहल्लों में घूम रही टोलियां भी लोगों से केपी कालेज ग्राउंड पहुंचने की अपील कर रही हैं।