prayagraj news : पुलिस मुठभेड़ में बदमाश घायल।
- फोटो : prayagraj
एक दिसंबर की रात में कार से बारात से लौट रही आधा दर्जन महिलाओं को तमंचा सटाकर मेजारोड के डाही गांव के सामने बदमाशों ने लूट लिया था। महिलाएं मटिही (बकचूंदा) गांव के अमरनाथ पाण्डेय के घर की थीं। उन्हें मारा-पीटा भी गया था। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी ने पुलिस की छह टीमें गठित कर दी थी। एसपी क्राइम आशुतोष मिश्रा ने बताया कि शनिवार सुबह उक्त घटना के खुलासा को लेकर काम कर रही पुलिस की टीमें क्षेत्र में थीं।
उसी समय सूचना मिली कि कार से बदमाश निकल रहे हैं। इस पर मेजारोड ओवरब्रिज के पास स्थित नवीन मंडी के पास घेराबंदी की गई तो मोपेड और कार से निकल रहे बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जिस पर पुलिस भी फायरिंग की तो मोपेड सवार जय प्रकाश शर्मा पुत्र कृष्णकांत शर्मा निवासी टुड़िहार के दाहिनी टांग में गोली लग गई। जिससे वह लहुलूहान होकर जमीन पर गिर गया।
prayagraj news : पुलिस मुठभेड़ में बदमाश घायल।
- फोटो : prayagraj
कार में सवार बदमाश फायरिंग करते हुए भाग रहे थे तो घेराबंदी कर नीरज मिश्रा पुत्र प्रेमचन्द्र मिश्रा निवासी देवरी कला थाना करछना और दिलीप उपाध्याय पुत्र राम बहादुर निवासी टुड़िहार थाना मेजा को पकड़ लिया गया। मेजा के सीओ डॉ. भीम कुमार गौतम और कोतवाल सुनील बाजपेयी के मुताबिक बदमाशों के पास से दो तमंचा, जिंदा कारतूस, महिलाओं के लूटे गए जेवरात, लूट में प्रयोग में लाई गई कार, टीवीएम मोपेड बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक कई बदमाश मौके से भागने में सफल रहे। जिनमें आंशू तिवारी पुत्र करमचन्द्र निवासी बकचूंदा थाना मेजा और रमेश चन्द्र पासी निवासी चिलबिला थाना मांडा सहित तीन अज्ञात हैं। उनकी तलाश की जा रही है। इस मुठभेड़ में शामिल रहीं पुलिस टीमों की पुलिस कप्तान ने तारीफ किया है। मौके पर एसओजी की टीम मुस्तैदी से लगी रही।
पुलिस मुठभेड़ में जख्मी हुआ अपराधी हाल ही में छूटकर जेल से आया था
सीओ मेजा डॉ. भीम कुमार गौतम ने बताया कि पुलिस मुठभेड़ में जिस अपराधी के दाहिने पैर में गोली लगी है वह अभी हाल ही में जेल से छूटकर घर आया था। हालांकि पकड़े गए अन्य अपराधियों का क्राइम रिकार्ड खंगाला जा रहा है। सीओ ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान भागने में सफल रहे अपराधियों के ठिकानों पर दबिश दी जा रही है जल्द ही वे भी पकड़ लिए जाएंगे।
आगे मोपेड चली फिर पीछे-पीछे कार
पुलिस के मुताबिक जिस तरीके से बदमाशों ने बारात से लौट रही महिलाओं को लूटा था उसी तर्ज पर फिर कहीं लूटपाट करने का मंसूबा तैयार किया गया था। आगे-आगे मोपेड फिर पीछे-पीछे कार में बदमाश सवार थे।