करेली में 12 मार्केट के पास पुलिस ने सड़क पर बैरियर लगा रखा है। मंगलवार को बिसमिल्ला चौराहे का रहने वाला फहद खान वहां पहुंचा। उसके साथ कई और लोग भी गाड़ियों से थे। फहद ने पुलिस का बैरियर खोल दिया। इसके बाद सभी बाइक सवार वहां से भाग निकले। पुलिस ने फहद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं लॉकडाउन के दौरान बेवजह घूमने पर पुलिस ने दारागंज से पांच और खुल्दाबाद से 17 लड़कों को गिरफ्तार किया।
सिपाही से मारपीट में महिला गिरफ्तार
कर्नलगंज थाना क्षेत्र के बालसन चौराहे के पास मंगलवार की रात एक महिला ने कुछ लोगों के साथ महिला सिपाही से मारपीट की। महिला के खिलाफ पांच मुकदमे पहले से ही दर्ज थे। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया। इंस्पेक्टर कर्नलगंज एके त्यागी ने बताया बालसन पर दो पक्षों में विवाद चल रहा है। मूल रूप से प्रतापगढ़ पट्टी निवासी ज्योति सिंह एक पक्ष की ओर से लगातार लड़ाई झगड़ा कर रहीं थीं। उनके खिलाफ पांच मुकदमे पहले से ही दर्ज थे। मंगलवार की रात महिला कांस्टेबल प्रतिमा यादव की डयूटी बालसन पर लगी थी। इसी दौरान ज्योति सिंह चार पांच लोगों के साथ बाहर निकलीं। महिला कांस्टेबल ने रोका तो ज्योति सिंह तथा उनके साथियों ने उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। ज्योति सिंह रफ्तार कर लिया गया। महिला कांस्टेबल की तहरीर पर लॉकडॉउन के उल्लंघन मारपीट और सरकारी काम में बाधा डालने आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि बुधवार को ज्योति सिंह को जेल भेज दिया गया।
बाइक चोरों ने उड़ाई तीन गाड़ियां
लॉकडाउन के दौरान बाइक चोरों ने एक ही दिन में शहर से 3 बाइक उड़ा दी। शहर में इतनी पुलिस, बैरियर और चेकिंग के बाद भी बाइक चोर लगातार गाड़ियां उड़ा रहे हैं। नार्थ मलाका के रहने वाले पूर्व पार्षद पुलकित यादव की गाड़ी स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल के गेट-2 पर खड़ी थी। चोरों ने भीड़भाड़ के बीच गेट से ही गाड़ी उड़ा दी। इसी तरह नारायण अपार्टमेंट मम्फोर्डगंज के रहने वाले राकेश गुप्ता की गाड़ी भी अपार्टमेंट से चोरी हो गई। पुराना कटरा के रहने वाले अखिलेश बरनवाल की बाइक को चोरों ने उड़ा दिया। तीनों मामलों की एफआईआर दर्ज कराई गई है।
युवती की फोटो एडिट कर दोस्तों को भेजा
सुलेमसराय की रहने वाली एक युवती एक ऑनलाइन कंपनी में काम करती है। युवती को पिछले कुछ दिनों से एक व्यक्ति अश्लील मैसेज भेज रहा था। इसके बाद उसने युवती की फोटो एडिट कर उसके सारे दोस्तों को भेज दी। जब सब लोगों ने बताया तो युवती को जानकारी हुई। धूमनगंज थाने में मोबाइल नंबर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी, मुकदमा
सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक धार्मिक टिप्पणी और धार्मिक भावनाएं भड़काने वाली टिप्पणी करने के आरोप में छात्र अभ्युदय नारायण त्रिपाठी के खिलाफ कैंट नाका प्रभारी अरविंद कुमार ने मुकदमा दर्ज कराया है। छात्र ने सपा से जुड़ी एक महिला छात्रनेता के खिलाफ भी आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया था।
साइबर सेल ने वापस कराए 17000
हंडिया के आसेपुर गांव के रहने वाले राजेंद्र तिवारी के खाते से साइबर शातिरों ने मार्च में 32998 उड़ा दिए थे। उन्होंने साइबर सेल में इसकी शिकायत की थी। साइबर सेल ने जांच के बाद प्रयास करके उनके खाते में 17319 रुपये वापस करा दिए।
नीवा हत्याकांड में एक और गिरफ्तार
धूमनगंज के उमरपुर नीवा गांव में मंगलवार तड़के अजय भारती की हत्या में पुलिस ने चौथे आरोपी अमर को भी गिरफ्तार कर लिया। तीन को मौका ए वारदात से पकड़ लिया गया था। धूमनगंज की उमरपुर नीवा गांव का रहने वाला अजय भारती मंगलवार रात घर में सोया था। किसी से मिलने पड़ोस में गया। इसी दौरान पड़ोसियों ने उसे पकड़ लिया और लाठी-डंडों से पीटकर उसे मार डाला। पुलिस के मुताबिक यह आशनाई का मामला था। इंस्पेक्टर धूमनगंज शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि अजय के पिता सीताराम की तहरीर पर रोशन साधु, अमर और मोनू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अमर के अलावा तीनों को मंगलवार तड़के ही मौका ए वारदात से पकड़ लिया गया था। बुधवार को अमर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। उसने जुर्म कबूल कर लिया है।
लॉकडाउन के उल्लंघन में 16 गिरफ्तार
लाकडाउन के उल्लंघन में पुलिस ने बुधवार को 212 नाका चौकी और चौराहों पर चेकिंग की। इस दौरान 51 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर 14 एफआईआर दर्ज की गई। 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया। 7203 वाहनों को चेक कर 985 वाहनों का चालान किया गया और 12 वाहन सीज किए गए।