मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पांच जनवरी के आगमन के मद्देनजर अकबर के किले में अवस्थापना सुविधाओं को पूरा करने के लिए मेला प्रशासन ने ताकत झोंक दी है। सीएम इस दौरान मूल अक्षयवट के दर्शन की शुरुआत कर सकते हैं। सरस्वती कूप पर मां सरस्वती की लग रही प्रतिमा का भी सीएम से अनावरण कराने की तैयारी है। इसके लिए बृहस्पतिवार को मूल अक्षयवट के मुख्य प्रवेश द्वार का काम पूरा कर लिया गया। सुरक्षा की दृष्टि से डेढ़ मीटर चौड़ा ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया है। डीजीपी ने मूल अक्षयवट व सरस्वती कूप में हुई तैयारियों का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए।
सीएम के आगमन के मद्देनजर मूल अक्षयवट के मुख्य प्रवेश द्वार का निर्माण देर शाम पीडब्ल्यूडी ने पूरा करा लिया। अब इस फाटक पर मूल अक्षयवट का बोर्ड लगाया जाएगा। 18 फीट चौड़े इस द्वार से होकर श्रद्धालु गुजरेंगे। इसे पहले किले द्वार के सामने भूल -भुलैया बनाई जा रही है। मूल अक्षयवट मार्ग पर डेढ़ मीटर चौड़ा प्रवेश द्वार श्रद्धालुओं के लिए बनाया गया है। निकास द्वार दो मीटर चौड़ा बनाया गया है। इस पर स्टील का रैंप और बैरीकेडिंग कराने का काम सेना ने पूरा कर लिया। मूल अक्षयवट के प्रवेश और निकास के बीच डेढ़ मीटर चौड़ा ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया है।
इस ग्रीन कॉरीडोर में पुलिस के जवान चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद रहेंगे। इसके अलावा किले की दीवार के पास से आपातकालीन रास्ता भी बनाया गया है। उधर, दिल्ली की विविद एडवरटाइजिंग एजेंसी ने मां सरस्वती की 12 फीट ऊंची कमलासन पर विराजित प्रतिमा भी तैयार कर ली है। कहा जा रहा है कि सीएम पांच जनवरी को मूल अक्षयवट के दर्शन का एलान करने के अलावा सरस्वती कूप पर सरस्वती प्रतिमा का अनावरण कर सकते हैं।