इलाहाबाद(ब्यूरो)। इलाहाबाद-मुंबई रूट पर बृहस्पतिवार की सुबह तकरीबन डेढ़ घंटे तक ट्रेनों की आवाजाही ठप रही। यहां इरादतगंज रेलवे स्टेशन के पास रेल फाटक पर अनियंत्रित होकर एक ट्रैक्टर पलट गया। ट्रैक्टर पलटने से वहां रेलवे फाटक क्षतिग्रस्त हो गया। इससे संबधित रेल खंड पर ट्रेनों का संचालन पूरी तरह से रुक गया। बाद में जेसीबी मंगाकर मौके से ट्रैक्टर को हटाया गया। इसके बाद ही इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही शुरू हो सकी। इस दौरान संबंधित रूट पर फंसी ट्रेनों के यात्रियों को खासी परेशानी हुई।
बताया जा रहा है कि इरादतगंज गांव स्थित एक भट्टे से ईंट लादकर एक ट्रैक्टर स्टेशन के पास फाटक संख्या 429 पर पहुंचा। यहां फाटक पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर फंस गया , इसके चलते गेट का बूम क्षतिग्रस्त हो गया। थोड़ी ही देर में इसकी सूचना गेटमैन पुष्पेंद्र कुमार ने रेलवे अफसरों को कर दी। सूचना मिलते ही रेल महकमे में हड़कंप मच गया। संबंधित रूट पर ट्रेनों की आवाजाही दोनों ओर से रोक दी गई।
सूचना पाकर आरपीएफ चौकी छिवकी के सब इंस्पेक्टर प्रभात चौधरी कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन काफी मशक्कत के बाद भी रेल मार्ग साफ नहीं कराया जा सका। बाद में वहां जेसीबी मंगाकर रेलवे फाटक के बूम में फंसे टैक्टर को बाहर निकाला। इसके बाद ही सुबह 10.35 बजे रूट क्लीयर हो सका।
इस बीच इस मार्ग पर गुजरने वाली 18201 नौतनवा एक्सप्रेस, 11061 पवन एक्सप्रेस, 12428 रीवा एक्सप्रेस, 12175 चंबल एक्सप्रेस, 15559 जनसाधारण एक्सप्रेस, 12791 सिकदंराबाद-पटना एक्सप्रेस समेत कई मालगाड़ियां प्रभावित हुईं। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया। रेलवे पुलिस ने वाहन स्वामी व ड्राइवर के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को घूरपुर पुलिस को सौंप दिया। इस बारे में एनसीआर के पीआरओ अमित मालवीय का कहना है हादसे के चलते तकरीबन एक घंटे तक रूट ठप रहा।