क्षेत्र के जोंधी मझियारी गांव में बुधवार को हाईकोर्ट के आदेश पर रास्ते की भूमि पर बनाए गए तीन मकानों को तहसील प्रशासन ने ध्वस्त करा दिया है। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी रही। कार्रवाई का परिवार वालों ने विरोध करते हुए प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
लालापुर थाना क्षेत्र के जोधीं मझियारी गांव के राजेंद्र कुमार भारतीया ने एसडीएम बारा, जिलाधिकारी व मंडलायुक्त को सरकारी रास्ते की भूमि पर कब्जा करने की कई बार शिकायत करते हुए उसे खाली कराने को मांग की थी। लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वह हाईकोर्ट चले गए। मामले को संज्ञान में लेते हुए हाईकोर्ट ने भूमि खाली कराने का आदेश दिया था। इस पर बुधवार को नायब तहसीलदार बारा विजय कुमार, थानाध्यक्ष लालापुर अजय कुमार मिश्र ने जेसीबी के साथ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। तहसील की टीम ने राम मिलन, राम नाथ व सूरजकली के मकान को ध्वस्त करते हुए रास्ते को खुलवाया।
मकान पर जेसीबी चलते ही चीखने लगे लोग
जोंधी मझियारी गांव में रास्ते की जमीन पर मकान बना कर रहने वाले परिवार उस समय चिल्लाने लगे जब उनके घरों पर जेसीबी मशीन ध्वस्त कर रही थी। बच्चे अपने मां बाप से लिपट कर रो रहे थे।