पट्टी कोतवाली क्षेत्र के गोविंदपुर में वृद्धा बसकाली की हत्या उसके पति ने ही की थी। रोज-रोज की कलह से तंग आकर उसने पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। बेटे और परिवार के अन्य लोगों की मदद से शव को पहलमापुर में नहर में फेंक दिया। इसके बाद पुलिस को पत्नी के अपहरण की सूचना दे दी। पुलिस ने पति समेत सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस लाइन में रविवार को घटना का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुरेंद्र प्रसाद द्विवेदी ने बताया कि देवसरा के गोविंदपुर के रहने वाले झुन्नीलाल प्रजापति की पत्नी बसकाली को 27 जनवरी की रात बाइक सवार लोगों द्वारा अगवा कर ले जाने की शिकायत की गई थी। पुलिस ने गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर खोजबीन शुरू कर दी।
दूसरे दिन पट्टी कोतवाली के पहलमापुर नहर के पास वृद्घा बसकाली देवी का शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी गला दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने आई थी। इस पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। जांच के बाद पट्टी पुलिस ने पति झुन्नीलाल प्रजापति, सौतेले बेटे विजय प्रजापति व परिवार के प्रदीप कुमार प्रजापति उर्फ अनिल व अजय कुमार प्रजापति को रविवार की सुबह भरोखन नहर के पास से दबोच लिया।
पूछताछ में झुन्नीलाल प्रजापति ने बताया कि उसने दो शादियां की थीं। पहली पहली पत्नी से बेटा विजय कुमार प्रजापति है। दूसरी पत्नी बसकाली देवी से कोई संतान नहीं है। उसने रेड़ीगारापुर प्राइमरी स्कूल के पास फर्नीचर की दुकान खोल रखी है। जहां वह पत्नी बसकाली देवी के साथ रहता था। बसकाली से आए दिन घरेलू बातों को लेकर विवाद होता था। जिससे घर में कलह मची रहती थी।
घटना के दिन भी बसकाली उससे झगड़ा कर रही थी। खाना तक नहीं बनाया था। जिससे गुस्से में आकर उसने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में बेटे विजय, पौत्र अजय कुमार व भतीजे के बेटे प्रदीप कुमार प्रजापति उर्फ अनिल के साथ मिलकर शव को पहलमापुर नहर की दूसरी पटरी पर फेंक दिया। इसके बाद पुलिस व लोगों को गुमराह करने के लिए उसके अपहरण की कहानी गढ़ी थी। पुलिस ने सभी आरोपियों को जेल भेज दिया। एएसपी पूर्वी ने बताया कि घटना में प्रयुक्त दोनों बाइक भी बरामद की जा चुकी हैं।
ग्रामीणों की हमदर्दी के लिए रची अपहरण की कहानी
झुन्नीलाल ने पत्नी बसकाली की हत्या करने के बाद शव को ठिकाने लगा दिया। बाद में उसके अपहरण की साजिश रचते हुए पुलिस को सूचना दी। उसे उम्मीद थी कि वृद्घा के अपहरण की खबर पर ग्रामीण उसकी मदद करेंगे।
मोबाइल की स्त्रत्तल डिटेल से पकडए़ में आया बेटा
बसकाली की हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस झुन्नीलाल के साथ ही विजय के मोबाइल की लोकेशन खंगालती रही। पूछताछ के लिए भी पिता-पुत्र को बुलाया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार विजय की लोकेशन रेड़ीगारापुर में कई बार मिली। पहले तो विजय के ऊपर ही पुलिस की शक की सुई घूमी, लेकिन बाद में मृतका का पति भी घटना में शामिल मिला।