कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई के चुनाव में बुधवार को बवाल हो गया। प्रदेश अध्यक्ष के पद पर हुई वोटिंग और उसके बाद मतगणना को लेकर विवाद इस कदर बढ़ गया कि चुनाव के बाद तमाम कार्यकर्ता होटल पहुंचे और वहां चुनाव अधिकारी से भिड़ गए। दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। अन्य कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव किया। चुनाव अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने छात्र नेता अनुराग, गौरव त्रिपाठी और मानस शर्मा सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। साथ ही अनुराग को गिरफ्तार कर लिया।
विश्वविद्यालय के निराला सभागार में बुधवार को एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष के पद के लिए मतदान और मतगणना हुई। इस पद के लिए प्रदेश के अन्य जिलों में मतदान की प्रक्रिया पहले ही पूरी कराई जा चुकी थी। इलाहाबाद में मतदान पूरा होते ही प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए मतगणना को अंतिम रूप दिया गया। मतगणना पूरी होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष पद पर अभिषेक चौबे निर्वाचित हुए जबकि दूसरे एवं तीसरे नंबर पर रहे विकास सिंह एवं गौरव त्रिपाठी को उपाध्यक्ष के पद से संतोष करना पड़ा। पद का विवाद ही बवाल का कारण बन गया। इसी वजह से अधिकारिक रूप से चुनाव परिणाम भी घोषित नहीं किया जा सका। एसएसयूआई के सूत्रों ने बताया कि गौरव त्रिपाठी के कुछ समर्थक छात्र नेताओं ने चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए मतदान एवं मतगणना का विरोध किया लेेकिन चुनाव अधिकारी दीपांकर त्रिपाठी ने उनके आरोपों अनदेखा कर दिया।
समर्थकों को यह बात नागवार लगी। चुनाव के बाद छात्र नेता इलाहाबाद जंक्शन के पास स्थित उस होटल में पहुंच गए, जहां चुनाव अधिकारी ठहरे हुए थे। वहां दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई और देखते ही देखते मारपीट होने लगी। आरोप है कि तोड़फोड़ करने वालों ने चुनाव अधिकारी के आठ हजार रुपये भी छीन लिए। चुनाव अधिकारी की ओर से खुल्दाबाद थाने में तहरीर दी गई तो पुलिस ने छात्र नेता अनुराग और मानस शर्मा के खिलाफ मारपीट, लूट के प्रयास, तोड़फोड़ और धमकी दिए जाने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया। अनुराग पुलिस की हिरासत में है।