एसओजी पुलिस। (प्रतीकात्मक फोटो)
- फोटो : prayagraj
बढ़ते अपराध को देखते हुए शहर को अब तीन भागों में बांट दिया गया है। प्रयागराज शहर के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं। तीनों के लिए अलग-अलग प्रभारी की तैनाती कर दी गई है। गंगापार, यमुनापार और नारकोटिक्स के लिए भी टीम की घोषणा की गई है।
एसओजी प्रथम टीम शहर पश्चिम के लिए बनाई गई है। जिसका प्रभारी प्रवीण कुमार यादव को बनाया गया है। प्रथम टीम धूमनगंज, पूरामुफ्ती और करेली में होने वाले अपराधों पर नजर रखेगी। दूसरी टीम के प्रभारी अनुराग शर्मा होंगे। यह टीम शाहगंज, खुल्दाबाद अतरसुइया, मुट्ठीगंज, कोतवाली और कीडगंज में अपराधियों पर नजर रखेगी। शहर उत्तरी में प्रभारी एसओजी दरोगा अमित कुमार होंगे। टीम सिविल लाइंस, कैंट, जॉर्ज टाउन, शिवकुटी, कर्नलगंज और दारागंज में अपराध और अपराधियों पर नजर रखेगी। सभी टीमों में प्रभारी के साथ आठ सदस्य होंगे।
गंगापार में एसओजी की प्रथम टीम में प्रभारी होंगे भुनेश्वर चौबे। गंगापार एसओजी की दूसरी टीम का प्रभारी मनोज सिंह को बनाया गया है। यमुनापार में एसओजी की एक टीम रहेगी, जिसके प्रभारी होंगे संतोष कुमार सिंह। इस टीम में प्रभारी के साथ 14 लोगों की टीम होगी। नारकोटिक्स टीम के महावीर सिंह को पुन: प्रभारी बनाया गया है। महावीर के अलावा नौ कॉन्स्टेबल और हेड कांस्टेबलों की नियुक्ति की गई है।