साधु-संतों के संकल्पों सहित महाकुंभ के आयोजन पर होगी मन की बात
प्रयागराज महाकुंभ में आए लाखों साधु संत अपने विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संकल्पों को लेकर श्रद्धालुओं के बीच आए हैं। महाकुंभ जैसा विशाल आयोजन साधु संतों के साथ श्रद्धालुओं को जोड़ता है जहां सामान्य तौर पर श्रद्धालुओं की आध्यात्मिक उन्नति और मुक्ति के विषयों पर ही प्रवचन या सत्संग के कार्यक्रम होते हैं। वर्तमान समय में सामाजिक व्यवस्था में आई चुनौतियों पर संत समाज की बात के लिए मंच नहीं मिल पाता। इसे मंच प्रदान करने का माध्यम बनेगा 'साधु कहें मन की बात' कार्यक्रम। कार्यक्रम के प्रवक्ता स्वामी प्रकाशानंद बताते हैं कि साधु संतों के धार्मिक और सामाजिक संकल्पों पर साधु संत इस मंच से अपनी मन की बात करेंगे। इसमें गौ हत्या पर रोक के साथ दिव्य और भव्य महाकुंभ के आयोजन के विभिन्न आयाम सम्मिलित हैं।