अब हर गोशाला की होगी जांच
0 तीन स्तर पर जांच से सकते में हैं संबंधित विभागों के अफसर
प्रयागराज। मुख्यमंत्री की सख्ती का असर दिखने लगा है। बहादुरपुर में कांदी गांव स्थित गोशाला में गोवंश की मौत की जांच मंडलायुक्त को दी गई है। इसी के साथ जिले की सभी गोशालाओं की जांच का निर्णय लिया गया है। गोशाला का निर्माण सुरक्षित स्थान पर हुआ है, सभी निर्धारित सुविधाएं वहां उपलब्ध हैं इसकी जांच की जाएगी। इसकी मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी भी मंडलायुक्त को दी गई है।
कांदी में गायों की मौत की तीन स्तर पर जांच शुरू हो गई है। डीएम की ओर से एडीएम प्रशासन की अध्यक्षता में दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित की गई है। इसी क्रम में गोसेवा आयोग की ओर से भी एडीएम प्रशासन की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। कमेटी को एक सप्ताह में रिपोर्ट देनी है। इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंडलायुक्त को जांच सौंपी है। इस तरह से तीन स्तर पर जांच से संबंधित विभाग के अफसर सकते में हैं। मुख्यमंत्री की इस सख्ती को देखते हुए तथा उनके निर्देश पर सभी गोशालाओं के निरीक्षण का निर्णय लिया गया है। मंडलायुक्त डॉ.आशीष कुमार गोयल का कहना है कि कांदी में बिजली गिरने से गोवंश पशुओं की मौत हुई है लेकिन गोशालाओं में पानी लगने तथा अन्य तरह की शिकायतें हैं। इसलिए हर गोशाला के निरीक्षण का आदेश दिया गया। आगे भी नियमित तौर पर निरीक्षण जारी रहेगा। डीएम भानुचंद्र गोस्वामी का भी कहना है कि कांदी में पशुओं की मौत बिजली गिरने से हुई है। मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुसार गोशाला में सभी सुविधाएं मुहैया कराने के लिए अफसरों को आदेश दिया गया है। इसका निरीक्षण भी किया जाएगा।