हरिसेनगंज। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। गणना प्रपत्र भरने के लिए साइबर ठग बूथ लेवल अधिकारी बन मतदाता से 20 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित ने मामले की ऑनलाइन प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस बाबत उपजिलाधिकारी ज्ञानेंद्र नाथ ने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया में किसी तरह की ओटीपी नही मांगी जा रही है।
क्षेत्र के विसंभरपुर गांव निवासी अरविंद कुमार ने बताया कि वह एसआईआर फॉर्म भर कर मंगलवार को बूथ लेबल अधिकारी अनिता देवी के पास जमा कर दिया था। बुधवार रात एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाला खुद को निर्वाचन विभाग का कर्मचारी बताते हुए कहा आपके मोबाइल पर एक ओटीपी गई है आप उसे बता दीजिए जिससे आपका गणना प्रपत्र सबमिट किया जा सके। ओटीपी बताने के एक घंटे बाद मोबाइल पर खाते से 20 हजार रुपये कटने का मैसेज आया। पीड़ित ने बृहस्पतिवार को मामले की ऑनलाइन एफआईआर दर्ज कराई है।