यूट्यूब पर ई-कॉमर्स बिजनेस और टेलीग्राम से पार्ट टाइम जॉब (रेटिंग स्कैम) का झांसा देकर साइबर ठगी करने का मामला उजागर हुआ है। प्रयागराज में पंजीकृत मोबाइल नंबर से दिल्ली समेत नौ राज्यों में लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया है। साइबर पुलिस ने जालसाजों के खिलाफ दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की है।
गृह मंत्रालय के भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के पोर्टल पर संदिग्ध मोबाइल नंबरों की जांच के दौरान दोनों मामलों का खुलासा हुआ। साइबर थाने में तैनात उपनिरीक्षक बृजेश चौरसिया के मुताबिक, जांच के दौरान एक मोबाइल नंबर संदिग्ध मिला।
पता चला कि इस नंबर पर आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, महाराष्ट्र, पंजाब, राजस्थान, और झारखंड से ठगी की कुल आठ शिकायतें दर्ज हैं। उक्त नंबर का रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि यूट्यूब पर अवधेश ई-कॉमर्स नाम से चैनल है। इस पर ई-कॉमर्स बिजनेस और अधिक कमाई के टिप्स से जुड़े वीडियो अपलोड किए गए हैं।
वीडियो में दो मोबाइल नंबर भी साझा किए गए हैं। वीडियो बनाने वाला व्यक्ति अवधेश शुक्ला पैकिंग मैटेरियल उपलब्ध कराने, पार्सल सेवा और ई-कॉमर्स बिजनेस शुरू कराने के नाम पर लोगों से रुपये ट्रांसफर कराकर ठगी करता है।
पार्ट टाइम जॉब का झांसा, तीन राज्यों से मिली शिकायतें
उपनिरीक्षक विनोद कुमार यादव के अनुसार, एक मोबाइल नंबर की जांच में नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पोर्टल पर उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पश्चिम बंगाल से तीन शिकायतें दर्ज मिलीं। जांच में उक्त नंबर कोरांव के बेलहट निवासी लाल साहब सिंह के नाम पर पंजीकृत है। साथ ही इसमें लिंक यूको बैंक का एक खाता भी है, जिसमें छत्तीसगढ़ से एक शिकायत दर्ज है।
इन तरीकों से खुद ठगी से बचाएं
1-यूट्यूब या टेलीग्राम पर दिखाई गई आसान कमाई और मोटे मुनाफे की स्कीमों पर तुरंत भरोसा न करें।
- भुगतान करने से पहले कंपनी, मोबाइल नंबर और बैंक खाते की विश्वसनीयता की जांच जरूर करें।
- ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।