प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) एवं संघटक महाविद्यालयों के कार्यालय अब एक जून से खुलेंगे। सोमवार से शुक्रवार तक सभी कार्यालय सुबह 10 से शाम पांच बजे तक और शनिवार को शनिवार को सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक खुलेंगे। यह निर्णय कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई सभी डीन, विभागाध्यक्षों एवं सेंटर्स के डायरेक्टर्स की बैठक में लिया गया।
इससे पहले इविवि एवं संघटक महाविद्यालयों के कार्यालयों को 27 मई से खोलने का निर्णय लिया गया था, जो अब एक जून से लागू होगा। कोविड को ध्यान में रखते हुए कुलपति, रजिस्ट्रार, वित्त अधिकारी समेत सभी कार्यालयों में रोस्टर के हिसाब से कर्मचारियों को बुलाया जाएगा। 50 फीसदी कर्मचारी सोमवार से बुधवार तक और बाकी कर्मचारी बृहस्पतिवार से शनिवार तक कार्यालय आएंगे। रोस्टर के अनुसार जिस दिन कर्मचारियों को कार्यालय नहीं आना है, उस दिन ऑनलाइन मोड में उन्हें उपलब्ध रहना होगा, ताकि आवश्यक कार्य के लिए जरूरत पड़ने पर उन्हें कार्यालय बुलाया जा सके। 31 मई तक किसी भी कर्मचारी या अधिकारी को जरूरत पड़ने पर कार्यालय बुलाया जा सकता है।
हालांकि उन कर्मचारियों को ऑफिस आने से छूट दी जाएगी, जिनका आवास कंटेनमेंट जोन में है। कंटेनमेंट जोन की श्रेणी से अलग होने पर उन्हें कार्यालय आना होगा, लेकिन तब तक ऐसे कर्मचारी ऑनलाइन मोड में उपलब्ध रहेंगे। कार्यालय खुलने के बाद भी बैठकें ऑनलाइन मोड या वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की जाएंगी। इविवि परिसर में बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश वर्जित रहेगा। केवल ऑफिस से जुड़े जरूरी कार्यों के लिए कड़ी सुरक्षा जांच के बाद परिसर में आने की अनुमति दी जाएगी। सभी ऑफिस नियमित रूप से सैनिटाइज किए जाएंगे और कर्मचारियों को कोविड गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन करना होगा। मेडिकल, बागवानी, सफाई, इंजीनियरिंग से जुड़े आवश्यक कार्य पूर्व की भांति जारी रहेंगे।