रसोई गैस का उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं के लिए एक अच्छी खबर है। अब गैस सिलिंडर से लगने वाली आग से होने वाले भारी नुकसान से बचा जा सकेगा। इसके लिए फायर बॉल का उपयोग करना होगा।
फायर बॉल को सिलिंडर के नोज पर रखा जाएगा। आग लगने पर यह फायरबॉल तुरंत फूटेगा और आग बुझ जाएगी। गैस कंपनी उपभोक्ताओं को इस तकनीक के प्रति जागरूक कर रही हैं। आए दिन गैस सिलिंडर से आग लगने की घटनाएं होती रहती हैं। इन घटनाओं से भारी जनहानि होती है।
एचपीसीएल कंपनी ने इलाके के मनूकापूरा, टुड़िहार, सैबसा और मरहा में कैंप लगाए हैं। इन कैंपों में फायर बॉल के उपयोग और लाभ बताए जा रहे हैं। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के प्रयागराज डिवीजन के सेल्स अफसर विवेक चंद्र यादव ने बताया कि फायर बॉल बहुत कारगर है। यह हर गैस एजेंसियों में उपलब्ध है।
यह है फायर बॉल
एचपीसीएल के सेल्स आफिसर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि आग बुझाने वाली फायर बॉल एक हल्का, गोलाकार उपकरण है जो आग के संपर्क में आने के मात्र तीन से पांच सेकेंड के अंदर अपने आप फट जाता है और आग बुझाने वाले गैर-विषैले पाउडर (मोनो अमोनियम फॉस्फेट) का छिड़काव करता है।