एनसीआर में तीन स्टेशनों पर खुलेंगे जनऔषधि केंद्र
जीएम ने बताया कि पीएम द्वारा मंगलवार को आगरा कैंट, झांसी एवं मथुरा जंक्शन पर तीन जन औषधि केंद्र का भी उद्घाटन किया जाएगा। इसके अलावा ‘वन स्टेशन वन प्रोडक्ट’ (ओएसओपी) के 1500 स्टॉल का लोकार्पण होना है। इसमें एनसीआर 57 ओएसओपी के स्टॉल रहेंगे।
एनसीआर से पहली बार शुरू होंगी दो वंदे भारत
एनसीआर के किसी भी स्टेशन से अभी वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत नहीं होती है लेकिन 12 मार्च से यहां प्रयागराज जंक्शन से गोरखपुर और खजुराहो से हजरत निजामुद्दीन के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू हो जाएगी। अभी प्रदेश में जो वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं या यहां से गुजर रही हैं उसमें वाराणसी-नई दिल्ली के बीच दो, रानी कमलापति से नई दिल्ली, देहरादून से आनंद विहार, अयोध्या से आनंद विहार और गोरखपुर से लखनऊ शामिल है, लेकिन 12 मार्च से प्रदेश में लखनऊ से देहरादून, रांची से वाराणसी, खजराहो से हजरत निजामुद्दीन, पटना से लखनऊ भी इस सूची में शामिल हो जाएंगी।
राष्ट्र को समर्पित होगा 401 किमी लंबा न्यू खुर्जा-साहनेवाल फ्रेट कॉरीडोर
पीएम मोदी द्वारा 12 मार्च को ईस्टर्न डेडीकेटेड फ्रेट कॉरीडोर ( डीडीएफसी) के तहत 401 किमी लंबे न्यू खुर्जा-साहनेवाल का भी लोकार्पण किया जाएगा। इस पूरे प्रोजेक्ट की कुल लागत 11859 करोड़ रुपये है। इस दौरान न्यू खुर्जा से एक मालगाड़ी को भी पीएम वर्चुअली हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ ही डीएफसी से छह अन्य स्थानों से भी मालगाड़ियों को हरी झंडी दिखाई जाएगी।
एनसीआर के प्रयागराज समेत 35 स्थानों पर होगा सीधा प्रसारण
12 मार्च को आयोजित कार्यक्रम का उत्तर मध्य रेलवे जोन में प्रयागराज जंक्शन समेत 35 स्थानों पर सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। इसके अलावा फ्रेट कॉरिडोर के भी 24 स्टेशनों पर भी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। इन स्थानों पर स्थानीय जनप्रतिनिधि अतिथि के रूप में शामिल होंगे।