उत्तर प्रदेश में जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए अधिसूचना जारी होने के साथ ही जिले में हलचल बढ़ गई है। संभावित प्रत्याशी और उनके समर्थकों ने क्षेत्र में दौरा तेज कर दिया है। शासन ने सोमवार को जिला पंचायत चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। चुनाव 15 जून से तीन जुलाई के बीच कराए जाएंगे। मंगलवार को चुनाव के लिए विस्तृत कार्यक्रम जारी किया जाएगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए समाजवादी पार्टी द्वारा मालती यादव के नाम की घोषणा की जा चुकी है। वह जिला पंचायत सदस्यों को अपने पक्ष में करने के लिए लगातार संपर्क कर रही हैं। भाजपा द्वारा अभी तक प्रत्याशी घोषित नहीं किया जा सका है। सूत्रों की मानें तो इस सीट के लिए निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा सिंह और गंगापार के हंडिया से जिला पंचायत सदस्य चुने गए भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. देवराज सिंह के पुत्र डॉ. कुंवर वीके सिंह प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। भाजपा का एक गुट यमुनापार से जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित नीलम पटेल के नाम की भी पैरवी कर रहा है।
इस बार जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा, सपा समेत किसी भी दल के पास अभी तक 43 प्रत्याशियों का समर्थन नहीं है। पिछले सप्ताह डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की मोजूदगी में 15 जिला पंचायत सदस्यों ने भाजपा ज्वाइन की, लेकिन इसके बाद भी पार्टी के पास अभी 29 सदस्य ही है। इस बीच समाजवादी पार्टी ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए अपने प्रत्याशी का नाम घोषित कर दिया। पिछड़ी जाति की महिला प्रत्याशी का नाम घोषित होने के बाद अब भाजपा में चर्चा इस बात की चल रही है कि पार्टी सामान्य जाति के उम्मीदवार को अपना प्रत्याशी बनाएगी।