आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर डीएम मनीष कुमार वर्मा ने एसडीएम मेजा और हंडिया समेत अन्य अफसरों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन दिनों में स्पष्टीकरण तलब किया है।
डीएम ने आईजीआरएस पोर्टल पर की जाने वाली शिकायतों के प्रभावी व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए आईजीआरएस के संदर्भों में नियत समयावधि के अंदर जांचकर्ता अधिकारी की ओर से शिकायकर्ता के मोबाइल पर संपर्क करने, नियमानुसार निस्तारण व समाधान कराने के निर्देश दिए थे।
जांच के लिए शिकायतकर्ताओं से औचक वार्ता की गई। इसमें सामने आयोग कि जांचकर्ता अधिकारियों ने शिकायतकर्ता के मोबाइल नंबर पर संपर्क तो किया लेकिन संबंधित अधिकारी ने उनकी शिकायत में अंकित तथ्यों का निस्तारण व समाधान नहीं किया। इसपर जिलाधिकारी ने कार्रवाई की।
जिलाधिकारी ने एसडीएम मेजा व हंडिया, अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण खंड नगरीय (नोडल), अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड यमुनापार एवं गंगापार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अधिकारी फूलपुर, बंदोबस्त अधिकारी, अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण, जिला समाज कल्याण अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन दिन में स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है।