मेजा। सिरसा नगर पंचायत के वार्ड संख्या छह में सदस्य के लिए हो रहे चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। लेकिन दो दिन से चल रहे नामांकन प्रक्रिया में मेजा तहसीलदार न्यायालय से एक भी पर्चे नहीं खरीदे गए। जबकि 10 से 15 अप्रैल तक नामांकन पत्र खरीदे जा सकेंगे। उसके बाद अन्य प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मतदान दो मई को होना है।
बता दें कि सिरसा नगर पंचायत के वार्ड संख्या छह (पूरा जगन्नाथ मुहल्ला) के सभासद मोनू मिश्रा की मौत होने के बाद यह पद रिक्त है। चुनाव की रिटर्निंग अफसर बनाई गई मेजा की तहसीलदार आकांक्षा मिश्रा ने बताया कि 15 अप्रैल तक नामांकन पत्र की बिक्री की जाएगी। दो दिन बीत जाने के बाद एक भी पर्चे नहीं खरीदे गए। संभावित उम्मीदवारों में शिवकुमार पटेल, तौसिफ, पवन यादव सहित कई लोगों के चुनाव लड़ने की उम्मीद जताई जा रही है। बता दें कि इस वार्ड में 1026 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतगणना पांच मई को कराई जाएगी। चर्चा है कि अभी सदस्य के उम्मीदवार कागज तैयार करने में जुटे हुए हैं।