इलाहाबाद। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कमी के साथ ही मोदी सरकार ने रर्सोई गैस उपभोक्ताओं को भी बड़ी राहत दी है। नॉन सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडरों की कीमतों में पहली दिसंबर से 114 रुपये की कमी कर दी गई है। अब इलाहाबादियों को यह सिलेंडर 817.50 रुपये में मिलेगा। इसके साथ ही कामर्शियल सिलेंडरों के दाम 197.50 रुपये कम हुए हैं। यह सिलेंडर दुकानदारों को 1501 रुपये में मिलेंगे।
पेट्रो पदार्थों की थोक कीमतों में कमी के बाद तेल कंपनियों ने गैस के दामों में भी कटौती की है। घटी हुई कीमतें पहली दिसंबर से ही लागू हो गई हैं। सोमवार की सुबह उन ग्राहकों को राहत मिली जो सब्सिडी कोटा के 12 सिलेंडर ले चुके हैं। बताते हैं कि ऐसे ग्राहकों की संख्या हजारों में है। एक दिन पहले तक नॉन सब्सिडी के 14.2 किग्रा वाले सिलेंडर 931.50 रुपये और 19 किग्रा के कामर्शियल सिलेंडर 1698.50 रुपये में मिल रहे थे। कीमतों में कमी के बाद सुबह ग्राहक पहुंचे तो उन्हें नॉन सब्सिडी वाले घरेलू सिलेंडर के लिए 817.50 रुपये और कामर्शियल सिलेंडर के लिए 1501 रुपये देने पड़े। डिस्ट्रीब्यूटर्स बताते हैं कि गैस की कीमतों में पहली बार 100 रुपये से ज्यादा की कमी हुई है।