उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग (यूपीएचईएससी) ने सोमवार को राजनीतिशास्त्र विषय में असिस्टेंट प्रोफेसर के 121 पदों का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया। इनमें सामान्य के 92 पद, अन्य पिछड़ा वर्ग के 18 और अनुसूचित जाति के 11 पद शामिल हैं।
प्रदेश के अशासकीय महाविद्यालयों में विज्ञापन संख्या 47 के तहत 35 विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1150 पदों पर भर्ती होनी है। आयोग अब तक राजनीतिशास्त्र समेत कुल 33 विषयों का अंतिम चयन परिणाम घोषित कर चुका है।
असिस्टेंट प्रोफेसर राजनीतिशास्त्र के 121 पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार तीन जनवरी से आठ फरवरी तक आयोजित किया गया था। इंटरव्यू में 722 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था और इनमें से 624 अभ्यर्थी उपस्थित हुए थे। सोमवार को हुई आयोग की बैठक में राजनीतिशास्त्र के चयन परिणाम को सर्वसम्मति से अनुमोदित कर दिया गया।
अब दो विषयों शिक्षाशास्त्र और समाजशास्त्र विषय के रिजल्ट बाकी रह गए हैं। असिस्टेंट प्रोफेसर शिक्षाशास्त्र भर्ती को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई चल रही है। इस विषय का इंटरव्यू 18 फरवरी से शुरू होना है। वहीं, समाजशास्त्र विषय में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के लिए इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और परिणाम भी तैयार है लेकिन इस भर्ती को लेकर भी हाईकोर्ट में याचिका दाखिल है। ऐसे में आयोग ने रिजल्ट जारी करने से पहले विधिक सलाह ले रहा है।