कोविड-19 की ड्यूटी करने वाले चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टॉफ को अब 14 दिन के पैसिव क्वारंटीन में नहीं भेजा जाएगा। शासन ने इसके लिए नई गाइडलाइन जारी की है। कोविड ड्यूटी करने के बाद केवल दो दिन तक पैसिव क्वारंटीन किया जाएगा। इस दौरान जांच कराई जाएगी और कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई तो फिर नॉन कोविड ड्यूटी पर लगाया जाएगा।
कोरोना और गैर कोरोना के मरीजों की सुविधा को देखते हुए शासन ने नई गाइडलाइन जारी की है। शासन की ओर से डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टॉफ के लिए यह तीसरी बार गाइडलाइन जारी की गई है। कहा गया है कि कोविड ड्यूटी के दौरान एक्टिव क्वारंटीन में रहना होगा। 14 दिन की अवधि पूरी होने के बाद उनकी कोरोना की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में निगेटिव पाए जाते हैं तो उन्हें दो दिन के लिए होम क्वारंटीन में भेजा जाएगा।
चिकित्सक
- फोटो : अमर उजाला
इस दौरान डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। इसके बाद उनकी ड्यूटी नॉन कोविड यानी गैर कोरोना मरीजों की देखरेख में लगाई जाएगी। जांच पॉजिटिव आती है तो उन्हें कोविड-19 हॉस्पिटल में शिफ्ट किया जाएगा। स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय के एसआईसी डॉ. एके श्रीवास्तव ने बताया कि अब नई गाइडलाइन के मुताबिक काम किया जा रहा है।
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : Pixabay
शासन की ओर से जारी सूचनानुसार स्वास्थ्य कर्मियों को पर्याप्त पीपीई किट मुहैया कराए जाने, किसी स्वास्थ्य कर्मी में अगर कोरोना के लक्षण नजर आते हैं तो तुरंत इसकी सूचना रिपोर्ट दिए जाने, सभी स्वास्थ्य कर्मियों की थर्मल स्क्रीनिंग करने के साथ कई और कदम उठाए जाने को कहा गया है। इसके अलावा उच्च जोखिम एक्सपोजर की चपेट में आने पर 14 दिन होम क्वारंटीन रहना होगा। उनकी कोरोना की जांच भी कराई जाएगी।
शासन ने यह तीसरी बार गाइडलाइन जारी की है। पहली बार सात दिन की ड्यूटी के बाद 14 दिन क्वारंटीन और दूसरी बार 14 दिन की ड्यूटी के बाद 14 दिन का क्वारंटीन किए जाने का प्रोटोकॉल बनाया गया था।