कल से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया, डीएम कोर्ट से मिलेंगे फार्म
0 नवनिर्वाचित विधायकों के नाम को लेकर आयोग से मांगे गए दिशा निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद अब प्रयागराज-कौशाम्बी क्षेत्र में एमएलसी चुनाव के नामांकन की प्रक्रिया मंगलवार 15 मार्च से शुरू होने जा रही है। प्रत्याशियों को नामांकन फार्म डीएम कोर्ट में सुबह 11 बजे से मिलेंगे। इस बीच निर्वाचन कार्यालय ने नवनिर्वाचित विधायकों के नाम को लेकर आयोग से दिशा निर्देश मांगे हैं। ताकि नए विधायकों के नाम सूची में शामिल किए जा सके।
इलाहाबाद स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र (प्रयागराज एवं कौशाम्बी) के लिए नौ अप्रैल को मतदान होना है। इसके लिए नामांकन 15 से 19 मार्च तक होगा। मतदान बाद मतगणना 12 अप्रैल को होगी। एमएलसी चुनाव में प्रयागराज और कौशाम्बी जिले के 5102 जन प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इनमें क्षेत्र के सांसद, विधायक के अलावा महापौर, पार्षद, नगर पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं ग्राम प्रधान शामिल हैं। पूर्व में प्रकाशित मतदाता सूची में जिन विधायकों के नाम शामिल थे, उसमें से कुछ विधायक चुनाव हार गए हैं। अब विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद दोनों ही जिलों में नए विधायक निर्वाचित होकर आए हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षदेव पांडेय का कहना है कि नए विधायकों को लेकर निर्वाचन आयोग से निर्देश मांगा गया है। आयोग का जो भी दिशा निर्देश होगा, उसी का पालन किया जाएगा।