उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद बार एसोसिएशन के कार्यकारिणी चुनाव में अध्यक्ष पद के दो प्रत्याशियों हर्ष नारायण शर्मा तथा बालकृष्ण पांडेय का नामांकन मॉडल बाईलाज के तहत अमान्य होने के कारण निरस्त करने और उनके चुनाव लडने पर रोक लगाने की मांग में पूर्व संयुक्त सचिव सुनीता शर्मा ने शिकायत की है। सुश्री शर्मा ने अपनी शिकायत उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के चेयरमैन मधुसूदन त्रिपाठी, चुनाव पर्यवेक्षक गिरधारीलाल आईएएस तथा निर्वाचक टीम को भेजी है।
शिक़ायती पत्र में कहा गया है कि राजस्व परिषद बार एसोसिएशन एक पंजीकृत संस्था है। यह बार काउंसिल से सम्बद्ध है। इसलिए मॉडल बाईलाज के नियम 17(1) के तहत लगातार दूसरे वर्ष चुनाव लडने पर रोक है। साथ ही उसी अदालत में 25 वर्ष का वकालत अनुभव जरुरी है। अधिवक्ता विजय चंद्र श्रीवास्तव का कहना है कि बार काउंसिल अध्यक्ष ने मॉडल बाईलाज के अनुसार चुनाव कराने का निर्देश दिया है। इसलिए दोनों ही चुनाव लडने के अयोग्य है।
ग्यारह निर्विरोध निर्वाचित, शेष पर मतदान 10 को
चुनाव अधिकारियों की टीम ने प्रत्याशियों की सूची जारी करते हुए कई पदों पर निर्विरोध निर्वाचित होने की भी घोषणा की है। शेष पदों पर मतदान 10 जनवरी को होगा। मुख्य चुनाव अधिकारी प्रकाश चन्द्र शुक्ल तथा सहायक चुनाव अधिकारी यादवेंद्र पांडेय तथा आशुतोष श्रीवास्तव के मुताबिक सत्येंद्र कुमार सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सुरेंद्र कुमार, संयुक्त सचिव प्रेस, शीतल वर्मा, संयुक्त सचिव महिला, मनोज कुमार मिश्र, संयुक्त सचिव पुस्तकालय, नवीन कुमार पांडेय, कोषाध्यक्ष सहित 10 कार्यकारिणी सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। दो नामांकन निरस्त होने तथा कई के नाम वापस लेने के बाद यह घोषणा की गई है।