No more than 1155 fare for Humsafar to New Delhi
हमसफर से नई दिल्ली के लिए 1155 से ज्यादा नहीं देना होगा किराया
प्रयागराज। इलाहाबाद जंक्शन से नई दिल्ली/आनंद विहार टर्मिनल के लिए चल रही हमसफर एक्सप्रेस से फ्लेक्सी फेयर पूर्ण रूप से हट गया है। ट्रेन से फ्लेक्सी फेयर हटाए जाने की घोषणा रेलवे बोर्ड ने सितंबर 2019 में की थी। 120 दिन एडवांस रिजर्वेशन की वजह इस ट्रेन से अब फ्लेक्सी फेयर हट गया है। ऐसे में अब इलाहाबाद से नई दिल्ली के लिए यात्रियों को ट्रेन की एसी थर्ड श्रेणी में नई दिल्ली के लिए 1155 और आनंद विहार के लिए 1145 रुपये का फिक्स किराया देना होगा। जबकि पहले फ्लेक्सी फेयर होने की वजह से इस ट्रेन में किराये की अधिकतम राशि 1625 रुपये थी।
पिछले वर्ष दुरंतो एक्सप्रेस के बंद होने के बाद ही दिल्ली के लिए हमसफर एक्सप्रेस को तीन की बजाय बढ़ाकर हर रोज चलाने का निर्णय लिया गया। लेकिन इस ट्रेन में स्लीपर कोच न होने और थर्ड एसी में फ्लेक्सी फेयर का मामला अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया। अमर उजाला द्वारा मामला उठाने के बाद रेलवे बोर्ड ने हमसफर ट्रेन के लिए अपनी पॉलिसी बदली। देश भर में चल रही हमसफर एक्सप्रेस में इलाहाबाद हमसफर पहली ऐसी ट्रेन बनी, जिसमें रेलवे ने स्लीपर कोच जोड़ा और थर्ड एसी से फ्लेक्सी फेयर हटाने की भी रेलवे बोर्ड से घोषणा हुई। क्योंकि हमसफर एक्सप्रेस समेत तमाम ट्रेनों में 120 दिन पूर्व एडवांस रिजर्वेशन करवाया जा सकता है।
इस वजह से ट्रेन के थर्ड ऐसी श्रेणी के यात्रियों को तत्काल लाभ नहीं मिला था, जो अब मिलना शुरू हो गया है। हालांकि स्लीपर श्रेणी के यात्रियों को इसका लाभ सितंबर 2019 से ही मिलना शुरू हो गया था। एनसीआर के सीपीआरओ अजीत कुमार सिंह ने बताया कि हमसफर एक्सप्रेस से फ्लेक्सी फेयर अब पूरी तरह से हट गया है। इसी वजह से अब ट्रेन में अगले दो दिन सामान्य कोटे की सभी सीटें भी भर गई हैं और उसमें आरएसी हो गया है। उन्होंने बताया कि प्रयागराज एक्सप्रेस के 40 मिनट बाद रवाना होने के बावजूद हमसफर उससे तकरीबन घंटे भर पहले दिल्ली पहुंच जाती है।
प्रयागराज और हमसफर एक्सप्रेस के किराये की तुलना
क्लास प्रयागराज एक्सप्रेस नई दिल्ली हमसफर आनंद विहार हमसफर
एसी थ्री 1020 1145 1155
स्लीपर 390 435 440