दूसरी ओर स्नान पर्व में आने वाली भीड़ को देखते हुए प्रयागराज संगम स्टेशन पर मेला स्पेशल ट्रेन के दो रेक भी मंगवा लिए गए हैं। यहां से अमावस्या के मौके पर अयोध्या और लखनऊ के लिए एक-एक स्पेशल ट्रेन चलाई जा सकती है। वहीं प्रयागराज रामबाग से भी दो मेला स्पेशल 21 जनवरी को बनारस से चलाई जाएगी। इसके अलावा प्रयागराज जंक्शन पर भीड़ बढ़ने पर पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, मानिकपुर एवं कानपुर सेंट्रल के लिए स्पेशल ट्रेन चलाई जा सकती हैं।
उधर, यूपी रोडवेज ने भी अमावस्या के मौके पर कानपुर रूट की बसें पत्थर गिरजाघर से चलाने की तैयारी की है। इसके अलावा वाराणसी और गोरखपुर रूट की बसों का संचालन रोडवेज ने झूंसी स्थित अस्थायी बस स्टेशन से चलाने की बात कही है। यूपी रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक एमके त्रिवेदी का कहना है कि अगर शास्त्री पुल पर बसों की आवाजाही बंद नहीं होती है तभी वाराणसी-गोरखपुर रूट की बसें सिविल लाइंस से चलेंगी। उन्होंने बताया कि मिर्जापुर, बांदा रूट की बसें अमावस्या पर नैनी स्थित लेप्रेसी चौराहे से संचालित करने की तैयारी की गई है।
झांसी से प्रयागराज तक चलेंगी दो स्पेशल ट्रेनें
अमावस्या के मौके पर वीरागंना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन से प्रयागराज के लिए शुक्रवार को दो स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। झांसी से पहली ट्रेन गाड़ी संख्या 01891 सुबह 9.15 बजे एवं दूसरी स्पेशल ट्रेन संख्या 01893 शाम सात बजे चलेगी। यहां पहली ट्रेन 20 जनवरी की शाम 5.50 बजे एवं दूसरी स्पेशल 21 जनवरी की सुबह 4.40 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंच जाएगी।