कलक्ट्रेट सभागार में एमएलसी चुनाव की मतगणना के संबधं में बैठक लेते ऑब्जर्वर
- फोटो : अमर उजाला
प्रयागराज विकास प्राधिकरण बोर्ड की 124वीं बैठक 17 जून को होगी। बैठक में सालाना आय-व्यय पर चर्चा के साथ कुछ नई योजनाओं पर भी विचार हो सकता है। मार्च माह में हुई बैठक में पीडीए के सामान्य कामकाज के लिए बजट पारित कर दिया गया था, लेकिन मदवार बजट आवंटित नहीं हुआ था। अब 17 जून को होने वाली बैठक में बजट पर विस्तार से चर्चा होगी।
प्राधिकरण का सालाना बजट करीब 704.11 करोड़ रुपये का है। इसमें 221.23 करोड़ रुपये आय एवं 514.05 करोड़ रुपये व्यय का प्रस्ताव है। प्राधिकरण को 203.83 करोड़ रुपये की आय राजस्व से होती है, वहीं व्यय का काफी बड़ा हिस्सा वेतन व्यय में खर्च होता है। बजट पर चर्चा के साथ ही कुछ नई योजनाओं के प्रस्ताव भी पेश किए जाएंगे। प्राधिकरण अधिकारियों के मुताबिक इनमें नई आवासीय योजना समेत अन्य प्रस्ताव शामिल किए जाएंगे। इस बार कुंभ मेला के चलते कई सारे कार्य कराए जा चुके हैं, इसलिए नए निर्माण की जगह अब रखरखाव पर भी व्यय का प्रावधान किया जाएगा। उपसचिव गुडाकेश शर्मा के मुताबिक बोर्ड बैठक में बजट के अलावा दूसरे प्रस्ताव के लिए एजेंडा तैयार किया जा रहा है।
पीडीए कर्मचारी संघ के लिए मतदान आज
प्रयागराज। प्रयागराज विकास प्राधिकरण कर्मचारी यूनियन के लिए मंगलवार को प्राधिकरण सभागार में मतदान होगा। चुनाव अधिकारी गुडाकेश शर्मा के मुताबिक मतदान सुबह 10 बजे से आरंभ होकर पांच बजे तक चलेगा। शाम छह बजे के बाद मतगणना आरंभ होगी। उसके बाद देर-रात तक चुनाव परिणामों की घोषणा कर दी जाएगी। चुनाव अधिकारी के मुताबिक मतदान में कुल 589 पीडीएकर्मी शिरकत करेंगे। बता दें, इस बार कर्मचारी यूनियन के चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए अजीत श्रीवास्तव, भरत शुक्ला, राजेंद्र कुशवाहा एवं रामसेवक चुनावी मैदान में हैं। इसी तरह मंत्री, उपाध्यक्ष पद के लिए भी कई प्रत्याशी मैदान में हैं।