रेलवे द्वारा कुलियों के शुल्क की नई दरें चुनार, मिर्जापुर, विंध्याचल, नैनी जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, मानिकपुर, सूबेदारगंज, प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, इटावा, फतेहपुर, टूंडला, शिकोहाबाद, फिरोजाबाद, फफूंद, खुर्जा, अलीगढ़ एवं हाथरस में लागू कर दी गई हैं।
उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल में कुलियों का नया शुल्क लागू कर दिया गया है। रेलवे द्वारा कुलियों के शुल्क की नई दरें चुनार, मिर्जापुर, विंध्याचल, नैनी जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, मानिकपुर, सूबेदारगंज, प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, इटावा, फतेहपुर, टूंडला, शिकोहाबाद, फिरोजाबाद, फफूंद, खुर्जा, अलीगढ़ एवं हाथरस में लागू कर दी गई हैं। दरअसल, दो दिन पहले ही अमर उजाला ने प्रयागराज मंडल के स्टेशनों पर कुलियों के मेहनताना बढ़ाए जाने संबंधी समाचार प्रकाशित किया था। उस खबर पर रेलवे ने अपनी मुहर लगाते हुए शुक्रवार से ही कुलियों का नया शुल्क लागू करने के साथ ही उसे लागू भी कर दिया।
विज्ञापन
प्रयागराज मंडल की बात करें तो यहां 687 पंजीकृत कुली हैं। नई व्यवस्था के तहत अब 40 किलो और उससे कम वजन के लिए 60 की जगह 65 रुपये कुलियों को मिलेंगे। प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि कुलियों का प्रतीक्षा प्रभार पहले 30 मिनट के लिए निशुल्क रहेगा। उसके उपरांत प्रत्येक अतिरिक्त 30 मिनट पर 50 रुपये का अतिरिक्त शुल्क देय होगा।
कहा कि 40 किग्रा या उससे अधिक वजन फुट ओवरब्रिज से ले जाने पर यात्रियों को 70 की जगह 75 रुपये देने होंगे। इसके अलावा यदि दो पोर्टर (कुली) दो पहिया या चार पहिया ट्रॉली से 40 किग्रा से अधिक या दो क्विंटल तक का भार ढोते हैं तो ग्राउंड लेवल पर 130 रुपये और फुट ओवरब्रिज के उपयोग पर 150 रुपये नई व्यवस्था के तहत देने होंगे। पहले यह दर क्रमश: 110 एवं 140 रुपये थी। वहीं, व्हीलचेयर या स्ट्रेचर के लिए चार पोर्टर के इस्तेमाल पर ग्राउंड लेवल पर 150 और फुट ओवरब्रिज के इस्तेमाल पर 300 रुपये का रेट तय किया गया है। कहा कि स्टेशनों पर कुलियों के शुल्क की सूची जल्द ही चस्पा कर दी जाएगी।