फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नेहरू की जन्मस्थली कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की लिस्ट से बाहर

Fri, 10 May 2019 02:49 AM IST
विनोद सिंह न्यूजडेस्क-अमर उजाला, प्रयागराज
विज्ञापन
कांग्रेस - फोटो : file photo
विज्ञापन
यूपी की हॉट सीटों में शामिल फूलपुर और इलाहाबाद दोनों इस बार के लोस चुनाव में कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची से बाहर रहीं हैं। न तो राहुल गांधी की सभा तय हो सकी न प्रियंका गांधी का रोड शो। फिल्मी सितारों के बूते प्रचार अभियान को गति देने की कोशिशें भी जमीन पर नहीं उतारी जा सकीं। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू की जन्मस्थली और कर्मस्थली के तौर पर चर्चा केकेंद्र में रहने वाली इन सीटों की उपेक्षा की वजहें तलाशी जा रही हैं। कांग्रेस के रणनीतिकार भी इसे लेकर पसोपेश में हैं। कुछ नेताओं का कहना है कि कांग्रेस की सी ग्रेड की लिस्ट में इन सीटों को डाले जाने की वजह से बड़े नेताओं के कार्यक्रम यहां नहीं लगाए जा सके।
विज्ञापन


तीन दिन बाद छठवें चरण में यहां मतदान होगा। चुनाव प्रचार के आखिरी दौर तक राहुल, प्रियंका की रैलियों, रोड शो को लेकर रोड कार्यक्रम बनते बिगड़ते रहे हैं। दो दिन पहले तक कार्यकर्ताओं, प्रत्याशियों को प्रियंका गांधी के रोड शो की दिलाशा दिलाई जाती रही। बृहस्पतिवार को प्रियंका प्रतापगढ़ पहुंची, तब भी कार्यकर्ताओं को आ थी कि वह यहां आ सकती हैं। लेकिन, देर रात चुनाव प्रबंधन देखने वाले नेताओं को प्रचार अभियान समिति की ओर से बताया गया कि प्रियंका गांधी 10 मई को दिल्ली में रहेंगी। उर्मिला मातोंडकर का कार्यक्रम आया जरूर, लेकिन नेताओं का कहना है कि गर्मी अधिक होने और लू लगने की आशंका के कारण उनका कार्यक्रम निरस्त कर दिया गया।

ले- देकर अब तक बड़े नेताओं के नाम पर यहां सिर्फ छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल की कोरांव में एक सभा कराई जा सकी। प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने भी दो सभाओं को संबोधित किया। अब तक किसी बड़े स्टार प्रचारक के न आने से कार्यकर्ताओं में अंदरखाने निराशा के भाव छा गए हैं। अब कांग्रेस के नेता यह कहते फिर रहे हैं कि इलाहाबाद सीट पर पार्टी इतनी मजबूती से लड़ रही है कि पीएम नरेंद्र मोदी को हफ्ते भर के भीतर भरवारी के बाद दूसरी बार इलाहाबाद सीट पर आना पड़ गया। कांग्रेस नेता बाबा अभय अवस्थी कहते हैं कि इस चुनाव में पार्टी के किसी बड़े स्टार प्रचारक का इलाहाबाद न आना सियासी प्रतिष्ठा को कम करने जैसा है।
विज्ञापन


ऐसा बर्ताव नहीं होना चाहिए था। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता किशोर वार्ष्णेय कहते हैं कि बड़े नेताओं का कार्यक्रम न लगने की वजहें अभी तक समझ में नहीं आ सकी हैं। मांगपत्र जिला व शहर कमेटियों के अलावा चुनाव प्रचार समिति की ओर से कई बार भेजा गया था। इसमें राहुल, प्रियंका के अलावा कई स्टार प्रचारकों की मांग की गई थी लेकिन कार्यक्रम नहीं मिल सका। पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम कृष्ण पांडेय के मुताबिक इस लोक सभा चुनाव में देश भर की सीटों का कांग्रेस ने तीन श्रेणियों में वर्गीकरण किया है। पता चला है कि शत प्रतिशत जीत की सूची में शामिल सीटें एक श्रेणी में और संघर्ष वाली सीटें बी श्रेणी में रखी गई हैं। जबकि जिन सीटों पर चुनाव की खानपूर्ति हो रही है, वो सीटें सी ग्रेड में रखी गई हैं। खास तौर से कांग्रेस संगठन ने रणनीति के तहत ए और बी श्रेणी की सीटों पर ज्यादा ताकत लगाई है।

चुनावी घमासान के बीच पूर्वांचल में प्रचार की शुरुआत प्रियंका गांधी ने संगम तट से ही की थी। प्रत्याशी के एलान में देरी के पीछे यहां से कई बार प्रियंका के चुनाव लड़ने की भी चर्चा बाहर आई, लेकिन नामांकन से एक दिन पहले भाजपा छोड़कर आए योगेश शुक्ला को यहां से उम्मीदवार बना दिया गया। इसी दौरान प्रियंका गांधी व सोनिया गांधी दोनों स्वराज भवन बिना किसी पूर्व सूचना के पहुंचीं, लेकिन मुलाकात या बात तो दूर किसी कार्यकर्ता को उनके आने की खबर से भी दूर रखा गया था।  

कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल शुक्रवार को सोरांव में फूलपुर के उम्मीदवार निरंजन पटेल के समर्थन में जनसभा करेंगे। वह हेलीकॉप्टर से दोपहर एक बजे पहुंचेंगे। अध्यक्षता अपना दल(कृष्णा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल करेंगी। पूर्व केंद्रीय मंत्री अनिल शास्त्री, पल्लवी पटेल उपस्थित रहेंगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें