इलाहाबाद (ब्यूरो)। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपलआईटी) के सांस्कृतिक तकनीकी एवं प्रबंधन उत्सव इफरवेसेंस के अंतिम दिन की शाम बॉलीवुड की प्रसिद्ध गायिका नेहा कक्कड़ के नाम रही। इंडियन आइडल 2008 की विजेता रही नेहा ने अपने गीतों बरेली के बाजार में, हे रामा, ना आना इस देश लाडू, सेकेंड हैंड जवानी पर युवा जमकर झूमे। बॉलीवुड में नन्ही सकीरा के नाम से मशहूर इस अदाकारा ने युवाओं का भरपूर मनोरंजन किया।
इफरवेसेंस के आखिरी दिन काग्नोसेंटिया, बालीवुड तम्बोला, टंग ऑफ वार, इंटूजीजोन, फीदर्स, पानीपुड़ी जंक्शन, अर्म व्रेस्टिंग, क्रिकेट क्विज, लाईट कैमरा एक्शन सहित कई कार्यक्रम हुए। साहित्यिक क्लब की ओर से आयोजित काग्नोसेंटिया में छात्रों ने अपने साहित्य केप्रति अपने लगाव को प्रदर्शित किया। संस्थान केनिदेशक प्रो. सोमनाथ विश्वास ने छात्रों की उत्कृष्ट प्रतिभा की सराहना की, उन्होनें छात्रों को देश का उज्जवल भविष्य बताया। उन्होंने कहा कि अध्ययन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन में छात्रों के व्यक्तित्व में निखार के साथ आत्म विश्वास बढ़ता है। कार्यक्रम संयोजक डॉ. विजय चौरसिया एवं डॉ. माधवेन्द्र मिश्र ने छात्रों का धन्यवाद किया।