मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट (सीएम ग्रिड) योजना के निर्माण में लगातार अनियमितता की शिकायत पर मंगलवार को नगर निगम सदन में महापौर ने काम में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर प्राथमिकी दर्ज कराने का संकल्प पारित कराया।
सदन में पार्षद नीरज टंडन ने बताया कि कल्याणी देवी मंदिर के पास सड़क में ह्यूम पाइप डाली जा रही है। पाइप में गोबर और मिट्टी फंसने के बाद जल निकासी नहीं हो पाएगी। ऐसे में उचित मानक के अनुसार पाइप डाली जाए।
वहीं, पार्षद दिग्विजय सिंह ने बताया कि लूकरगंज में अग्रसेन इंटर कॉलेज के पास सड़क के निर्माण में नालों पर लोहे की जाली लगाई जा रहा है जबकि नाला हमेशा ओवरफ्लो रहता है। जाली लगने के बाद नालों की सफाई सही ढंग से नहीं हो पाएगी।
पार्षद आकाश सोनकर ने सीएम ग्रिड के सड़कों के निर्माण में अनियमितता पर नजर रखने के लिए निगरानी समिति के गठन की मांग की। इसमें पार्षद, अधिकारी व अधिशासी अभियंता को शामिल करने की बात कही।
बेनीगंज में ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट करने का निर्देश
सदन में बेनीगंज पार्षद दिग्विजय ने बताया कि उनके यहां सड़क और सीवर निर्माण में ठेकेदार ने अनियमितता बरती है। पहलवान बाबा के पास की सड़क पर हमेशा धूल उठती रहती है। एक साल में ही सड़क धंस गई। सीवर भी हमेशा ओवरफ्लो रहता है। नगर निगम ठेकेदार पर पहले भी दो लाख का जुर्माना लगाया जा चुका है। इस पर नगर आयुक्त साई तेजा ने संबंधित ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट करते हुए निर्गत किए गए भुगतान को वसूलने का निर्देश जोनल को दिया।