यहां बुरे हालात, घुटनों तक भरा पानी
सीएमपी डिग्री कॉलेज से जॉर्जटाउन, संगम टंकी, वन विभाग कार्यालय के चारों तरफ पानी घुटने तक भरा नजर आया। नालों का पानी ओवरफ्लो होकर गलियों और लोगों के घरों में पहुंचता रहा। सबसे खराब स्थिति अल्लापुर, न्यू सोहबतियाबाग, करेली गड्डा कॉलोनी, दरियाबाद, साउथ मलाका आजाद स्क्वायर, राजरूपपुर, कालिंदीपुरम, राजापुर, छोटा बघाड़ा, बड़ा बघाड़ा, शिवकुटी, तेलियरगंज और नैनी में रही। इन इलाकों में भी घुटने तक पानी भर गया। शिकायत पर नालों की सफाई करने पहुंचे कर्मचारी भी असहाय नजर आए। लोग कामकाज छोड़कर पानी निकलने का इंतजार करते रहे।
15 करोड़ खर्च होने के बाद ये दशा
इस वर्ष मानसून की तैयारी के मद्देनजर नगर निगम ने 15 करोड़ रुपये की लागत से जोनवार कुल 955 नालों की सफाई का दावा किया था। इनमें बड़े नाले 166, मझोले नाले 310 व छोटे नाले 479 शामिल हैं, मगर इतनी सफाई के बावजूद शहर में पानी भर गया।
अल्लापुर और गड्ढा कॉलोनी में बिगड़े हालात
बारिश के दौरान अल्लापुर, गड्डा कॉलोनी में हालात काफी बिगड़ गए। बाघम्बरी हाउसिंग स्कीम, शिवनगर, अल्लापुर में घरों और सड़कों पर पानी भर गया। जिन घरों में पानी भरा, उन्होंने दूसरे के यहां शरण ली। जहां सड़कों पर पानी भरा था, वहां लोग घरों में कैद रहे। नंदगांव राजरूपपुर वार्ड में दो जगह नाले की दीवार गिर गई। इससे 60 से 70 घरों में पानी घुस गया। आनंदपुरम जैन मंदिर के पास 70 से 80 घरों में छह-छह फीट तक पानी घुस गया। वरिष्ठ पार्षद शिवसेवक सिंह ने नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता और महाप्रबंधक से मिलकर जल निकासी की मांग की।
नाले की सफाई होनी है। मैदान में गंदगी भर जाती है। घर का एक फ्लोर डूब जाता है। - शाहीन फातिमा
नाले के अंदर पानी का पाइप डाला है। इसकी वजह से पानी भर जाता है।-नसीमा बंगम
नाला चोक हो गया है। जलभराव होने से आने जाने में बड़ी समस्या होती है।- मो. अख्तर
घरों में सीवर का पानी आ जाता है। नगर निगम से मांग है कि जल्द समाधान करे।- रेहाना बेगम
बारिश की वजह से कई जगहों पर जलभराव हुआ है। कर्मियों को भेजकर चोक नाले खुलवाए गए हैं। कई स्थानों पर पंप लगाकर पानी हटवाया गया है। सभी पंपिंग स्टेशन व मोरी गेट का मौका मुआयना भी किया गया है।- शादाब असलम, अपर नगर आयुक्त
मंगल विहार कॉलोनी में गिरी चहारदीवारी, छह वाहन क्षतिग्रस्त
कालिंदीपुरम स्थित मंगल विहार कॉलोनी में बारिश के दौरान एक चहारदीवारी ढह गई। इससे तीन कार और तीन बाइक समेत कुल छह वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय लोगों ने बाद प्रयागराज विकास प्राधिकरण से शिकायत की है। कॉलोनी के राजेश मिश्रा का कहना है कि नाला तो बनाया गया है लेकिन पानी की निकासी के लिए व्यवस्था नहीं की गई है। इस कारण बारिश का पानी जमा हो जाता है। इसी कारण चहारदीवारी भी ढह गई। लोगों ने आशंका जताई है कि सड़क के सामने वाली चहारदीवारी को भी खतरा है। वह भी कभी भी गिर सकती है। उन्होंने प्राधिकरण से इस समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है।