आज से चार दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट
प्रयागराज। मौसम विभाग ने मंगलवार से अगले चार दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की तरफ से प्रयागराज को यलो जोन में रखा गया है। ऐसे में अगले चार दिनों तक भारी बारिश के साथ तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। वहीं भारी बारिश के चलते पिछले 24 घंटे की भीतर तापमान में छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
मंडलायुक्त ने कहा, फील्ड पर निकलें अफसर, मौके से भेजें तस्वीर
बाढ़ का खतरा बढ़ते ही प्रशासनिक महकमे में सक्रियता बढ़ने लगी है। सोमवार को मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम ने अफसरों को फोन कर बाढ़ के बारे में जानकारी ली। उन्होंने फोन पर कोरांव के एसडीएम से पूछा कि कहां हैं, एसडीएम ने बताया कि वह संपूर्ण समाधान दिवस में हैं। मंडलायुक्त ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस की कार्यवाही शीघ्र पूरी करें और तत्काल मौके पर पहुंचकर वहां की लाइव तस्वीर शेयर करें। उन्होंने डीएम मनीष कुमार वर्मा से सभी अफसरों को मौके पर जाकर निरीक्षण करने के लिए निर्देशित करने को कहा।