-प्रयागराज के 102 केंद्रों में 53 फीसदी ने दी परीक्षा
-गणित के सवालों ने उलझाया, पर आसान रहा पेपर
प्रयागराज। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से रविवार को आयोजित एनडीए-1 एवं एनडीए-2 की परीक्षा में 52.52 फीसदी अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 47.5 फीसदी अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। अभ्यर्थियों को गणित के पेपर ने उलझाया, लेकिन पिछले कुछ वर्षों के मुकाबले इस बार पेपर आसान और संतुलित रहा।
नेशनल डिफेंस एकेडमी (एनडीए) की परीक्षा साल में दो बार अप्रैल एवं सितंबर में आयोजित की जाती है, लेकिन लॉकडाउन के कारण इस साल अप्रैल में एनडीए-1 की परीक्षा आयोजित नहीं कराई जा सकी, सो रविवार को एनडीए-1 और एनडीए-2 परीक्षाएं एक साथ आयोजित की गई गईं। यही वजह रही कि पिछले वर्षों के मुकाबले इस बार परीक्षा केंद्रों की संख्या अधिक थी। साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी होना था, सो अतिरिक्त केंद्रों की व्यवस्था की गई थी।
परीक्षा दो पालियों सुबह 10 से दोपहर 12.30 बजे और दोपहर दो से शाम साढ़े चार बजे तक आयोजित की गई। परीक्षा के लिए प्रयागराज में कुल 102 केंद्र बनाए गए थे और इन केंद्रों में परीक्षा देने के लिए 47 हजार 776 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 52.52 फीसदी अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। कोविड-19 के कारण परीक्षा में अभ्यर्थियों की उपस्थिति अपेक्षा से कम रही।
अभ्यर्थियों ने बताया कि पहली पाली में गणित की परीक्षा के दौरान कुछ सवालों ने उलझाया, लेकिन पिछले वर्षों से तुलना की जाए, तो इस बार पेपर आसान और संतुलित था। वहीं, दूसरी पाली में हुई जनरल एबिलिटी की परीक्षा में अलग-अलग विषयों से सवाल पूछे गए। यह पेपर भी पिछले वर्षों की तुलना में अधिक संतुलित और स्तरीय रहा।