झांसी में आरपीएफ अधिकारी से 15 लाख रुपये की ब्लैकमेलिंग करने वाली महिला यूट्यूबर को शरण देने में कर्नाटक में तैनात एक रेलवे अफसर की भूमिका सामने आई है। आरोपी युवती के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद वह मदद के लिए हाईकोर्ट आने के क्रम में प्रयागराज रुकी थी, जहां जंक्शन स्थित रेस्ट हाउस में उसकी ठहरने की व्यवस्था बंगलूरू में तैनात अधिकारी की आईडी से कराई गई थी।
बुधवार रात झांसी पुलिस ने प्रयागराज जंक्शन स्थित ऑफिसर रेस्ट हाउस में छापा मार कर युवती को गिरफ्तार कर लिया और अपने साथ ले गई। पुलिस यह पता लगा रही थी कि कर्नाटक की रहने वाली युवती को प्रयागराज में किसने शरण दी और किसकी आईडी से रेस्ट हाउस की बुकिंग हुई।
जांच के दौरान मालूम पड़ा है कि कर्नाटक के बंगलूरू में तैनात एक रेलवे अफसर की आईडी से रेस्ट हाउस बुक हुआ। इस खुलासे के बाद उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के अफसरों ने राहत की सांस ली है, जबकि झांसी पुलिस पूरे प्रकरण की गहनता से जांच कर रही है और एनसीआर प्रशासन ने इसमें पूरा सहयोग करने की बात कही है।