उत्तर मध्य रेलवे की तीसरी अमृत भारत एक्सप्रेस 27 अगस्त से शुरू होगी। सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन से मुंबई के लोकमान्य तिलक के बीच इस ट्रेन का संचालन हर बृहस्पतिवार को होगा। अपने पहले ही सफर पर यह ट्रेन फुल हो गई है। अमृत भारत में सामान्य श्रेणी के 11 कोच हैं। इस वजह से जनरल टिकट लेकर सफर करने वाले यात्रियों की राह बेहद आसान हो जाएगी।
सूबेदारगंज से 14121 की रवानगी दोपहर 12:10 बजे होगी जो अगले दिन रात 8:50 बजे लोकमान्य तिलक पहुंच जाएगी। वापसी में गाड़ी (14122) लोकमान्य तिलक से रात 10:55 बजे चलकर रविवार सुबह 7:30 बजे सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। ट्रेन का फतेहपुर, गोविंदपुरी, भरुआ सुमेरपुर, रागौल, बांदा, चित्रकूट धाम कर्वी, सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पिपरिया, इटारसी, खंडवा, भुसावल, नासिक रोड, कल्याण और ठाणे स्टेशनों पर दोनों ओर से ठहराव होगा।
ट्रेन में 22 कोच रहेंगे। इनमें दो एलएसएलआर, 11 सामान्य (अनारक्षित) , आठ स्लीपर कोच और एक पैंट्रीकार (भोजनयान) शामिल किया गया है। बता दें 21 अगस्त को एनसीआर की पहली अमृत भारत प्रयागराज जंक्शन से लोकमान्य तिलक के लिए एवं 24 अगस्त को दूसरी अमृत भारत प्रयागराज जंक्शन से सूरत के उधना के लिए संचालित हुई।