इलाहाबाद। इलाहाबाद से मेरठ/सहारनपुर जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस की लेटलतीफी लगातार बढ़ती जा रही है। आलम ये है कि पिछले कई रोज से यह ट्रेन समय से रवाना नहीं हो पा रही है। शनिवार को भी यह ट्रेन पुटबैक हो गई। शाम 5.40 की बजाय यह ट्रेन रात 8.50 बजे जंक्शन से रवाना हो सकी।
सुबह 9.55 बजे मेरठ से आने वाली नौचंदी का डाउन रैक इलाहाबाद जंक्शन अपराह्न 3.15 बजे पहुंचा। वॉशिंग लाइन में साफ सफाई एवं अन्य कार्य किए जाने की वजह से शाम 5.40 बजे तक इस ट्रेन का रैक तैयार नहीं हो सका था। इस वजह से रेलवे ने इसे पुटबैक करते हुए रात 8.50 बजे रवाना किया। इसके अलावा जंक्शन आने वाली कई अन्य ट्रेनें भी घंटों विलंबित रहीं। 12505 नार्थ ईस्ट, 18102 मुरी एक्सप्रेस, 12488 सीमांचल एक्सप्रेस, 15159 सारनाथ समेत कई ट्रेनें दो से पांच घंटे की देरी से जंक्शन पहुंची।
रेलवे बोर्ड के अफसर ने किया जंक्शन का निरीक्षण
इलाहाबाद। रेलवे बोर्ड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर एसके मिश्रा ने शनिवार को इलाहाबाद जंक्शन का निरीक्षण किया। डीआरएम वीके त्रिपाठी, स्टेशन मैनेजर आर राजपूत एवं अन्य अफसरों के साथ उन्होंने कंट्रोल रूम, पावर केबिन, आरआरआई आदि की कार्यशैली को परखा। इस दौरान ट्रेनों की लेटलतीफी पर उन्होंने अफसरों से कहा कि इसमें वे सुधार लाए। एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ने जंक्शन के सरकुलेटिंग एरिया को भी देखा।