समाजवादी पार्टी की कथनी और करनी में अंतर नहीं है। जो वादा किया उसे पूरा करके दिखाया। ये बातें शनिवार को करछना में हुई चुनावी सभा में सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहीं। उन्होंने बारा और शंकरगढ़ में भी प्रत्याशियों के समर्थन में सभाओं को संबोधित किया। कहा करछना में सपा सरकार ने काफी काम कराए। प्रदेश में बिजली उत्पादन बढ़ा, जिससे आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त हुई। भाजपा वाले सिर्फ बातों से बिजली बनाते हैं। नोटबंदी में किसान बर्बाद हो गए। लाइन में लगे लोगों में से कई की जान चली गई।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल के नाम पर घरों से लिया गया लोहा और राम मंदिर के नाम पर जुटाया गया चंदा कहा गया, पता नहीं। प्रधानमंत्री मोदी पर हमलावर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि गुजरात में पटेल समाज के नौजवान पर राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दिया गया। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष के साथ बसपा सुप्रीमों पर भी हमला बोला। मतदाताओं से ऐसे प्रत्याशियों और नेताओं से सतर्क रहने की अपील की। सभा में सांसद कुंवर रेवती रमण सिंह, पूर्व सांसद धर्मराज सिंह पटेल, जिलाध्यक्ष कृष्ण मूर्ति सिंह यादव, विनय कुशवाहा, राजू सिंह, राजकुमार, नन्हे खान, हरिश्चंद्र पटेल, गिरजाशंकर पटेल, मानिक चंद्र पटेल, नागेंद्र पटेल, अशोक सिंह, घनश्याम, राधा देवी, अन्नू सिंह, वजीर खान आदि मौजूद थे।