गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी का महाकुंभ में आने का कार्यक्रम तय हो गया है। वह सात फरवरी को महाकुंभ क्षेत्र में पहुंचेंगे। भाजपा की स्थानीय इकाई की बैठक में इसकी घोषणा कर दी गई।
‘अमर उजाला’ ने रविवार के अंक में ही यह जानकारी दी थी कि प्रधानमंत्री पद की दावेदारी को और मजबूत करने के लिए वह संगम का आशीष लेने आएंगे।, दूसरी ओर भाजपा नेताओं ने नए अध्यक्ष राजनाथ सिंह और मोदी के स्वागत की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
रविवार को भाजपा की जिला और महानगर इकाई के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की जिला कार्यालय पर बैठक हुई। इसमें महाकुंभ के दौरान पहुंचने वाले नेताओं के स्वागत और दूसरे कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। जिला संयोजक रामरक्षा द्विवेदी ने कहा कि छह फरवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह और सात फरवरी को मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी आ रहे हैं।
काशी प्रांत संयोजक केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मोदी विश्व हिन्दू परिषद के ‘धर्म संसद’ सम्मेलन में शामिल हो सकते हैं। पंचायत प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सह संयोजक योगेश शुक्ल ने कहा कि राजनाथ सिंह और नरेंद्र मोदी का संगम नगरी में गुलाब के फूलों से स्वागत किया जाएगा।