महाकुंभ नगर। कुंभ मेले में अजब-गजब बाबाओं की कमी नहीं है। इन्हीं में एक बाबा लोगों के लिए अजूबा बने हुए हैं। उनकी लंबाई महज डेढ़ फुट है लेकिन भक्त बड़े-बड़े उद्योगपति हैं। एक अखाड़े के इस बाबा को देखने के लिए दिनभर भीड़ जुट रहती है। चढ़ावे के लिए लंबी लाइन लगी रहती है। भक्तों का यही अरमान रहता है कि बाबा एक बार सिर पर हाथ रखकर उन्हें अपना आशीर्वाद दें।
श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा चार मढ़ी के महादेव भारती मूलत: राजस्थान के रहने वाले हैं। आयु 50 वर्ष से ऊपर हो चुकी है लेकिन कद महज डेढ़ फीट है। शाम चार बजे अखाड़े का दरवाजा खुलते ही उनके आशीर्वाद लेने के लिए भक्तों की लाइन लग जाती है। इन भक्तों में तमाम बड़े उद्योगपति भी शामिल हैं। महादेव भारती ने बचपन से ही संन्यास ग्रहण कर लिया था और तभी से वह जूना अखाड़ा में हैं। बोलते कम हैं और उन्हें गुस्सा जल्दी आता है। हर वक्त उनके सामने पंजीरी से भरी एक थाली रखी रहती है। भक्तों को प्रसाद स्वरूप एक चम्मच पंजीरी देते हैं और फिर सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद। बाबा की एक झलक पाने का भक्त बेताब रहते हैं। बाबा महादेव भारती का जीवन उनके भक्तों के लिए किसी रहस्य से कम नहीं। वह अपने बारे में किसी को कुछ भी नहीं बताते।