प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अंदावा की जनसभा में जहां खुलकर विपक्ष पर तीखे प्रहार किए, वहीं संगम पर गंगा पूजन के दौरान भी उन्होंने लोकसभा चुनाव के महासमर में विजेता बनने के लिए गंगा से भी आशीष मांगा। उन्होंने संगम पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगा पूजन से पहले आगामी लोकसभा में सर्वाधिक मत प्राप्त करते हुए पुन: प्रधानमंत्री के साथ ही संयुक्त राष्ट्र अध्यक्ष पद प्राप्त करने के लिए संकल्प भी लिया। तीर्थपुरोहितों ने उक्त मनोरथ सिद्धि के लिए उन्हें संकल्प कराया, फिर प्रधानमंत्री मोदी ने आरती-पूजन करके इसके लिए गंगा से आशीष मांगा।
इसी क्रम में तीर्थपुरोहितों ने देवी आराधना के तहत भी उन्हें शक्ति और सत्ता के निमित्त शक्तिरूपेण, लक्ष्मीरूपेण और बुद्धिरुपेण संस्थिता की प्रार्थना भी कराई। आचार्यों ने उनके हाथ में जल, पुष्प, अक्षत देकर ‘आगामी लोकसभा मतदान समये संपूर्ण मताधिकार प्राप्त्यर्थं, पुन: प्रधानमंत्री पद प्राप्त्यर्थं, संयुक्त राष्ट्र अध्यक्ष पद प्राप्त्यर्थं यथोपचारै: पूजन पूर्वकम त्रिवेणी आरारकृत्यं संकल्प कर्माहं करिष्ये:’ का संकल्प कराया। पूजन के बाद मोदी ने पुरोहितों से कलाई पर रक्षासूत्र भी बंधवाया।
हालांकि प्रधान आचार्य काली मछली वाले तीर्थपुरोहित दीपू मिश्रा के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी की ओर से उक्त आशय के निमित्त पूर्व में ऐसा कोई निर्देश नहीं दिया गया था। लेकिन, उनके संकल्प और अभियान के मद्देनजर प्रयागराज के तीर्थपुरोहितों ने जब दिव्य कुंभ-भव्य कुंभ की कुशलता से इतर लोकसभा के चुनावी महासमर में विजेता बनने के लिए संकल्प दिलाते हुए उनका ‘राजतिलक’ किया तो उनके चेहरे पर प्रसन्नता का भाव दिखा।
दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक-सांस्कृतिक कुंभपर्व की कुशलता के लिए प्र्रशासन और साधु-संतों के क्रम में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गंगा का पूजन-अर्चन किया। जनसभा से पूर्व संगम की रेती पर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन करकेभगवती गंगा से सर्वप्रकार से कुंभ पर्व के निर्विघ्न, सकुशल पूर्ण होने के लिए प्रार्थना की, आशीष मांगा।
तकरीबन आधे घंटे के पूजन के दौरान उन्होंने पहले गंगा का दुग्धाभिषेक किया और फिर फल, फूल, नारियल के अतिरिक्त चुनरी भी चढ़ाई। तीर्थपुरोहितों की ओर से स्तुति वाचन के बीच उन्होंने गंगा की आरती भी उतारी। आरंभ में तीर्थपुरोहितों ने तिलक-चंदन लगाकर उन्हें आसन पर बिठाया। पूजन के बाद प्रधानमंत्री ने तीर्थपुरोहितों संग तस्वीरें भी खिंचवाईं।
प्रधान आचार्य काली मछली वाले तीर्थपुरोहित दीपू मिश्रा के अतिरिक्त प्रदीप पांडेय, मधु चकहा, शुभम तिवारी, कृष्ण दत्त तिवारी आदि के आचार्यत्व में हुए पूजन-अनुष्ठान में राज्यपाल रामनाईक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रधानमंत्री के साथ गंगापूजन किया। कार्यक्रम में उपस्थित अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि, जूना अखाड़े के श्रीमहंत विद्यानंद सरस्वती, महानिर्वाणी के श्रीमहंत यमुनापुरी सहित सभी तेरहों अखाड़ों के प्रतिनिधियों ने भी गंगा पूजन करके पर्व की कुशलता के लिए प्रार्थना की।