इलाहाबाद/प्रतापगढ़। पट्टी इलाके के विनैका गांव के चाय विक्रेता बजरंग बहादुर के होनहार बेटे तरुण यादव की आईआईटी की फीस जमा करने के लिए ‘अमर उजाला’ की ओर से शुरू की गई मुहिम रंग ला रही है। ‘अमर उजाला’ में खबर प्रकाशित होने के बाद मेधावी तरुण की फीस जमा करने के लिए इलाहाबाद और प्रतापगढ़ दोनों ही जगहों से जिस तरह से मदद के लिए लोग आगे बढ़े, उससे बृहस्पतिवार तक मिले 41 हजार रुपये की राशि शुक्रवार को बढ़कर 91 हजार रुपये तक पहुंच गई।
तरुण की फीस के बारे में जानकारी मिलने पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष और मठ बाघंबरी गद्दी के महंत स्वामी नरेंद्र गिरि ने पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़कर तरुण के नाम पचास हजार रुपये का चेक प्रदान किया। ‘अमर उजाला‘ से बातचीत में उन्होंने कहा, धार्मिक संस्थाओं, संस्थानों को ऐसी किसी मदद के लिए हमेशा पहल करते हुए आगे आना चाहिए तभी उनका होना सार्थक माना जाएगा। सक्षम मठ, मंदिरों या किसी अन्य धार्मिक संस्थाओं को अपने सामर्थ्य के मुताबिक पास-पड़ोस की सामाजिक जरूरतों को पूरा करते हुए मानवता की सेवा करनी चाहिए।
बता दें, तरुण को आठ जुलाई को आईआईटी बीएचयू में प्रवेश लेना है। ‘अमर उजाला फाउंडेशन’ की पहल के दो दिनों के भीतर ही ‘अमर उजाला’ के पाठकों ने इस लक्ष्य को 91 हजार रुपये तक पहुंचा दिया है। उम्मीद है, अमर उजाला के पाठकों का सहयोग इसे पूर्णता प्रदान करेगा। आर्थिक सहयोग के लिए आप इलाहाबाद में 0532-2560295 और प्रतापगढ़ में 05342-228777 पर संपर्क कर सकते हैं।