जगद्गुरु कृपालु जी महाराज के भक्ति धाम मनगढ़ में रात्रि 12 बजे नंद के लाल-गोपाल जन्मे तो पूरा भक्ति धाम मनगढ़ राधे-कृष्ण की जयघोष से गूंज उठा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भगवान के दर्शन के लिए लाखों की तादाद में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। प्रभु के दर्शन को श्रद्धालु कतारबद्ध नजर आए।
धाम में सजी आकर्षक झांकियों ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। झांकियों में ब्रज, गोकुल और वृंदावन की झलक, पूतना वध, कालिया मर्दन, माखन चोरी, रास लीला, गोपियों के संग अठखेलियां, गोवर्धन लीला आदि प्रसंगों का जीवंत चित्रण किया गया था।
रात्रि के 12 बजते ही श्रीकृष्ण जन्म की घोषणा हुई, पूरा परिसर नंद के आनंद भयो, जय कन्हैयालाल की और राधे-राधे के जयकारे से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने पटाखे फोड़कर खुशियां बनाईं। भगवान श्रीकृष्ण का दुग्धाभिषेक व वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भव्य आरती की गई। वहीं, मंदिर को भव्य रूप देने के लिए चारों ओर रंग-बिरंगी रोशनियों, फूल-मालाएं लगाई गईं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर और पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई।
तीन जोन व 13 सेक्टर में बांटा गया भक्ति धाम
कुंडा। भक्ति धाम मनगढ़ में जन्माष्टमी पर्व पर पुलिस प्रशासन ने परिसर का सुरक्षा घेरा बढ़ाने के साथ ही क्षेत्र को एक सुपर जोन, तीन जोन व 13 सेक्टर में बांटा गया है। पहले जोन में कृपा द्वार, श्याम वाटिका, पार्क स्थल, मंदिर प्रवेश द्वार, दूसरे जोन में मंदिर परिसर के बाहर को रखा गया है। इसमें तीन सेक्टर बनाए गए थे।
तीसरे जोन में पांच सेक्टर थे, जिसमें यातायात और शांति व्यवस्था शामिल है। सुपर जोन की जिम्मेदारी अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी संजय राय व तीनों जोन की जिम्मेदारी अलग-अलग सीओ को दी गई। इसके अलावा दो अस्थायी थाने बनाए गए थे। पूरे परिसर में 101 स्थानों पर पुलिस की तैनाती की गई। इसमें एक एएसपी, तीन सीओ, 19 इंस्पेक्टर, 14 थानाध्यक्ष, 125 एसआई, 4 महिला एसआई, 723 महिला व पुरुष सिपाही व एक कंपनी पीएससी की शामिल है। सुरक्षा के लिए कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर समेत अन्य जनपदों के पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई।
तीन दर्जन से ज्यादा बनाए गए पार्किंग स्थल
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तीन दर्जन से अधिक पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए। मंदिर के बाहर सामाजिक संगठनों द्वारा प्रसाद व जल सेवा शिविर लगाए गए। जहां भक्तों को फलाहार व पेयजल उपलब्ध कराया गया। बताया गया कि इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्षों की तुलना में काफी बढ़ी है।