नैनी में बंद उद्योगों को फिर से जीवित करने की कवायद शुरू हो गई है। 15 सितंबर के भीतर मंत्रालय की टीम आएगी और संभावना तलाशेगी। क्षेत्र की सांसद डॉ.रीता बहुगुणा जोशी ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में बताया कि टीम की रिपोर्ट के आधार पर उद्योगों को पुनर्जीवित करने की योजना बनाई जाएगी।
सांसद चुने के बाद से ही डॉ.रीता नैनी में बंद उद्योगों को फिर से शुरू करने के प्रयास शुरू कर दिए थे। प्रेसवार्ता में कहना था कि उन्होंने इस बाबत भारत सरकार को प्रस्ताव भेजा था। इसी परिप्रेक्ष्य में मंत्रालय की टीम आ रही है। टीम भाजपा नेता मीनाक्षी लेखी की अगुवाई में आएगी और उनकी रिपोर्ट पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। डॉ.रीता ने बुंदेलखंड की तर्ज पर यमुनापार के विकास की भी उम्मीद जताई। इसके लिए उन्होंने सरकार से मांग की है। रीता ने इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र में शुरू योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया। उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं के साथ अनुच्छेद 370 हटाने समेत अन्य निर्णयों पर भी चर्चा की और भारत सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
प्रेसवार्ता की महत्वपूर्ण बिंदु
0 एकल ग्राम पेयजल योजना 44 गांवों में स्वीकृत है। 42 में कार्य शुरू है। योजना 2020 तक पूरी हो जाएगी।
0 7.11 करोड़ रुपये की सिरसा नगर पंचायत पुनर्गठन पेयजल योजना को मंजूरी मिल चुकी है।
0 टोंस पंप केनाल का पूरा सिस्टम बदला जाएगा। इसके लिए विद्युत विभाग को 3.92 करोड़ रुपये दिए गए हैं।
0 जिले में छह सिंचाई नलकूप स्वीकृत हैं। इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र में तीन नलकूप जल्द लगाए जाएंगे।
0 कोरांव-देवघाट-ड्रमंडगंज मार्ग के चौड़ीकरण का काम शुरू हो गया है। 19.55 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं।
0 पंचदेवरा-करछना-गौहनिया संपर्क मार्ग की चौड़ाई सात मीटर होगी। 19.32 करोड़ रुपये मंजूर।
0 नारीबारी पुल का 63.42 करोड़ रुपये में निर्माण होगा। इसके नीचे अंडर ग्राउंड नहर होगी।
0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी रुरल योजना के अंतर्गत बड़ोखर न्याय पंचायत में 100 करोड़ रुपये से कार्य प्रगति पर है।
0 कोरांव में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना और अधूरे पड़े स्टेडियम का काम जल्द पूरा होगा।
0 शंकरगढ़, बारा एवं मांडा में 40-40 मेगावाट के सोलर प्लांट लगाए जाएंगे।
0 अलग-अलग योजना के तहत 17 से अधिक सड़काें के निर्माण का कार्य प्रगति पर है।