नगर निगम के अतिक्रमण अभियान में सोमवार को एक बार फिर से हंगामा हुआ। यहां निगम के दस्ते द्वारा रैंप तोड़े जाने का लोगों ने खूब विरोध किया। स्थानीय लोग नगर निगम के अफसरों से ही भिड़ गए। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप के बाद ही मामला शांत हुआ। इस बीच स्वच्छ सर्वेक्षण-2018 के तहत भी कटरा, लीडररोड पर भी दुकानदारों ने विरोध किया। इस बीच निगम की टीम द्वारा 1.10 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
नगर निगम के जोन संख्या चार में अभियान की शुरूआत अलोपीबाग से हुई। यहां मधवापुर होते हुए अतिक्रमण अभियान बैरहना पहुंचा। चौराहे के पास एक होटल का रैंप तोड़े जाने की कार्रवाई जैसे ही शुरू हुई वहां लोगों ने निगम के दस्ते को घेर लिया। लोगों ने इसका खूब विरोध किया। यहां पास के एक मकान की नाली पर अवैध कब्जे को तोड़ने की मांग करने लगे। कहा कि पहले नाली से कब्जा हटाया जाए उसके बाद ही रैंप तोड़े जाने की कार्रवाई हो। मामला बढ़ता देख यहां पुलिस बुला ली गई। इसके बाद ही लोग शांत हुए। जोनल अफसर मुन्ना लाल ने इसके बाद कीडगंज में रामजानकी मंदिर के पास सड़क पर बंधे पशुओं को काजी हाउस भिजवाया। यहां भी इस कार्रवाई का विरोध किया। बाई का बाग तक चले अभियान के दौरान निगम की टीम ने 40 हजार रुपये का जुर्माना वसूला।
उधर जोन एक खुल्दाबाद क्षेत्र में सोमवार को जोगीबीर तिराहा से अभियान शुरू हुआ। स्टेशन होते हुए लीडर रोड पर जानसेनगंज चौराहा तक हुई कार्रवाई के दौरान गंदगी करने वाले दुकानदारों से 5650 रुपये एवं मलबा के रूप में 10950 तथा अतिक्रमण करने वालों से 7100 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसी तरह जोन संख्या दो में जोनल अधिकारी राजकुमार गुप्ता की अगुवाई में अतरसुइयो, मीरापुर, टैगोर पब्लिक स्कूल के चारों ओर अतिक्रमण हटाया गया। यहां व्यापारियों से गंदगी फैलाने के आरोप में 6720 रुपये वसूले गए। जोन तीन कटरा में ट्रैफिक चौराहे से ताशकंद मार्ग तक, संत जोसेफ स्कूल होते हुए नाजरेथ अस्पताल तथा हिंदू हॉस्टल चौराहे के चारों ओर अतिक्रमण हटाया। यहां नाजरेथ अस्पताल के सामने से चार एंबुलेंस हटवाई गई। इस दौरान पांच हजार रुपये अतिक्रमण शुल्क, 4250 रुपये मलबा शुल्क तथा 25150 रुपये केयरिंग शुल्क के रूप में वसूले गए।