त्रिवेणी संगम में अलग-अलग साधु-संतों का समागम तो हो ही रहा है। उनके काफिले में मौजूद गाड़ियां भी श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र हैं। लग्जरी गाड़ियों ऑडी, बीएमडब्ल्यू, सफारी, थार के दौर में 90 के दशक की भगवा एंबेसडर कार महाकुंभ में अपनी धाक जाम रही है। ये भगवा कार है मध्य प्रदेश के नागा संन्यासी महंत राज गिरि की। पांचवीं बार वह भगवा कार के साथ संगमनगरी पहुंचे।
मेला क्षेत्र में जहां भी कार रुकती है, वहां श्रद्धालुओं का जमावड़ा लग जाता है। उन्होंने बताया कि कार उन्हें एक भक्त ने दी थी। वह इसी गाड़ी से केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगासागर, रामेश्वरम और नेपाल भी जा चुके हैं। श्रद्धालु इन्हें एंबेसडर वाले बाबा से भी पुकारते हैं।