सरसों लादकर जा रही पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस दौरान उसके नीचे दबने से एक किशोरी की मौत हो गई। घटना के बाद पिकअप चालक भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
मानिकपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गड़ौली गांव निवासी उमेश कुमार सोनकर की बेटी श्वेता (15) बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे दुकान पर सामान लेने गई थी। लौटते समय मानिकपुर की ओर से सरसों लादकर कुसुवापुर की ओर जा रहा पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस दौरान किनारे से जा रही श्वेता पिकअप के नीचे दब गई।
हादसे के बाद आसपास के लोग शोर मचाते हुए मौके की तरफ दौड़े। किसी तरह पिकअप सीधा कर श्वेता को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसकी जानकारी होने पर परिजनों में चीखपुकार मच गई। परिजनों ने अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।